नई दिल्ली.सेना की उत्तरी कमांड के प्रमुख ले. जन. एचएस पनाग को मध्य कमांड की जिम्मेदारी संभालने के आदेश आखिरकार सोमवार को जारी हो गए। गौरतलब है कि रक्षामंत्री एके एंटनी ने पनाग के विवादास्पद तबादले के मामले में दखल देने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद ये आदेश जारी हुए हैं। इसके साथ ही सेना में कुछ और पदोन्नतियों व तबादलों को हरी झंडी दे दी गई है, जो एक मार्च से प्रभावी होंगे। ले. जन. पनाग ने उत्तरी कमांड की बागडोर जन. दीपक कपूर के सेनाध्यक्ष बन जाने पर संभाली थी।
कपूर के खिलाफ शुरू करवाई थी जांच
पनाग ने रक्षामंत्री एके एंटनी से शिकायत की थी कि उन्होंने जन. कपूर द्वारा दिए कुछ खरीद आदेशों की जांच शुरू करवाई थी, इसलिए उनका तबादला मध्य कमांड में कर दिया गया है। उत्तरी कमांड देश की सबसे महत्वपूर्ण कमांड है, जिसके तहत पूरा जम्मू-कश्मीर आता है। तबादले के बाद ले. जन. पनाग की नाराजगी की खबर सबसे पहले डीएनए/ भास्कर ने उजागर की थी। उसके बाद से उनका तबादला कुछ समय से रुका हुआ था।
असर तो पड़ेगा
पनाग के तबादले से सेनाध्यक्ष जनरल कपूर संभावित असहज स्थिति का सामना करने से बच गए हैं। पनाग ने सीधे उन पर उंगली उठाई थी। अब सेना के तोपखाने से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों के तबादलों की जांच भी करवाई जा सकती है। सेनाअध्यक्ष कपूर खुद तोपखाने से जुड़े हैं।
कुछ अन्य तबादले
>> ले. जन. पीसी भारद्वाज को पदोन्नत कर उत्तरी कमान का जीओसी-इन-सी बनाया गया है। >> ले. जन. वीके सिंह को पदोन्नत कर कोलकाता स्थित पूर्वी कमान का जीओसी-इन-सी बनाया है।