News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के बार-बार आग्रह करने के बाद भी खाद्य विभाग गबन व धोखाधड़ी के 47 आरोपियों पर सख्ती नहीं कर पा रहा है। इस कारण बैंक की 71 लाख रुपए की राशि की वसूली का काम लटका हुआ है। इस मामले में जिला आपूर्ति नियंत्रक ज्योति शाह नरवरिया ने कहा कि दोषी लोगों पर उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
बैंक सूत्रो के अनुसार, दो बार जिला आपूर्ति नियंत्रक को महाप्रबंधक ने गबन के आरोपी कर्मचारियों की सूची उपलब्ध कराते हुए पुलिस में प्रकरण दर्ज कराने का आग्रह किया, पर ऐसा हो न सका। 12 जनवरी को कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई बैठक में भी राशि वसूली के निर्देश दिए गए थे।
बैंक प्रबंधन द्वारा तैयार की गई सूची में ग्वालियर, बेहट, मुरार, डबरा, पिछोर, चीनोर, भितरवार व आंतरी शाखाओं के 47 कर्मचारियों से 82 लाख 75 हजार रुपए की वसूली करनी थी जिसमें से 71 लाख 89 हजार रुपए राशि अभी भी बकाया है। आरोपियों में से ग्वालियर, बेहट व डबरा शाखाओं से जुड़े कर्मचारियों पर तो वसूली को लेकर प्रयास प्रारंभ भी नहीं किए गए हैं।
गबन करने वालों में कौन-कौन
विक्रेता - 22
सेल्समैन -13
भृत्य -1
सहायक -5
अध्यक्ष -2
पूर्व सहायक -5
किस तरह के गबन का है आरोप
सर्वाधिक 43 मामलों में उपभोक्ता के रूप में राशि का गबन किया गया।
बैंक ने सिलक गबन के दो मामले दर्ज किए हैं।
इसके अलावा एक-एक मामला रसीद गबन व बचत बैंक गबन का दर्ज है।