लंदन. ब्रिटेन में हुई एक स्टडी के अनुसार, दिन में कई बार कोल्ड ड्रिंक पीने के आदी बच्चे को भोजन में नमक की मात्रा कम कर दी जाए तो उन्हें इस आदत से दूर रखा जा सकता है। पत्रिका ‘हाईपरटैंशन’ में प्रकाशित इस शोध रिपोर्ट के अनुसार, बच्चों के आहार में रोजाना एक ग्राम नमक की कटौती से प्रति दिन किए जाने वाले तरल पदार्थ के सेवन में 100 ग्राम की कमी की जाती है।
बच्चों के लिए नुकसानदेय
सेंट जॉर्ज यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने पाया कि नमक की बढ़ती मात्रा शरीर में पानी की कमी को बढ़ाती है। बच्चों के लिए यह स्थिति नुकसानदायक है क्योंकि ऐसी स्थिति में वे पसंदीदा शीतल पेय का जरूरत से ज्यादा सेवन करते हैं। नैशनल डाइट एंड न्यूट्रीशन सर्वे के तहत 4 से 18 साल के आयुवर्ग के 16 हजार से ज्यादा लड़के-लड़कियों के भोजन में नमक की मात्रा पर भी अध्ययन किया गया। इस आधार पर पाया गया कि जिन बच्चों के आहार में नमक की मात्रा आधी की गई, उन्होंने प्रति सप्ताह दो शीतल पेय से भी कम पिए।
शोधकर्ताओं के अनुसार शीतल पेय के सेवन में कटौती मोटापा, रक्तचाप में गड़बड़ी व हृदयरोगों से बचाव में भी सहायक होगी।