हैदराबाद. हैदराबाद में आतंकी हमले की आशंका के मद्देनजर सुरक्षा के इंतजाम सख्त किए गए हैं। केंद्रीय खुफिया एजेंसियों से मिली चेतावनी के बाद शहर में अलर्ट जारी कर दिया गया।
खुफिया रिपोर्टो के अनुसार दो आतंकवादी शहर में हमला करने की योजना से प्रवेश कर चुके हैं। सूचना के बाद हैदराबाद में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दिया गया है। हालांकि, पिछले साल हुए आतंकवादी हमले के बाद शहर में अलर्ट लगातार जारी होते रहे हैं।
खुफिया सूचना के आधार पर हैदराबाद पुलिस आतंकवादियों को पकड़ने के लिए अभियान चला रही है। पुलिस सोमवार शाम से ही अलग-अलग स्थानों पर वाहनों की जांच कर रही है। वैसे पुलिस ने अभी तक किसी को भी हिरासत में नहीं लिया है।
सूत्रों के अनुसार खुफिया एजेंसियों ने राज्य सरकार से कहा है कि इस बार आतंकवादी विशेष तरीके से हमले की योजना बना रहे हैं। वैसे ‘फिदायनी’ हमले के बारे में स्पष्ट सूचना नहीं दी गयी है।
गौरतलब है कि पिछले साल हैदराबाद में 18 मई और 25 अगस्त को हुए बम धमाकों में 44 लोग मारे गए थे। इन आतंकवादी हमलों के बाद पुलिस ने 20 लोगों को गिरफ्तार किया था।