भोपाल. रिलीज होने के पहले से ही विवादों में घिर गई ऐतिहासिक पृष्ठभूमि वाली फिल्म जोधा-अकबर पर से मध्य प्रदेश में रोक हटा ली गई है।
राजपूत समुदाय के विरोध के बाद आशुतोष गोवारीकर निर्देशित फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई थी। यहां राजपूतों ने फिल्म का प्रदर्शन किए जाने पर सिनेमाघरों को जलाने की धमकी दी थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने सुरक्षा के लिहाज से इस फिल्म के प्रदर्शन को रोकने का आदेश दे दिया था।
हाई कोर्ट के आदेश के बाद मप्र में मंगलवार को रितिक और ऐश्वर्य स्टारर जोधा-अकबर पर से रोक हटा ली गई। गौरतलब है कि यह फिल्म कुछ अन्य राज्यों में भी राजपूतों का विरोध झेल रही है लेकिन जहां यह फिल्म सिनेमाघरों में पहुंची है, वहां अच्छा कारोबार कर रही है।