Manoranjan
Telly Talk Telly Talk
टीवी चैनलों पर पौराणिक धारावाहिकों की बहार आने वाली है। पिछले महीने जहां एनडीटीवी इमेजिन पर सागर आर्ट्स नए कलाकारों के साथ ‘रामायण’ लेकर आया है वहीं अब ‘चाणक्य’ सीरियल बना चुके डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी स्टार प्लस पर नए रंग-रूप और कलेवर में ‘महाभारत’ लेकर आ रहे हैं।
स्टार प्लस के अधिकारियों ने मंगलवार को मुंबई में अपने इस नए धारावाहिक ‘महाभारत’ की घोषणा तो की, लेकिन न तो उन्होंने कलाकारों के नाम घोषित किए और न ही प्रसारण की तारीख बताई। पिछले दिनों स्टार की ओर से शाहरुख को लेकर बनाए जा रहे गेम शो ‘क्या आप पांचवी पास से तेज हैं’ की घोषणा भी ऐसे ही अस्त-व्यस्त अंदाज में की गई थी। स्टार पर आने वाले इस महाभारत के लिए पहली बार हॉलीवुड और बॉलीवुड के लोग जुड़े हैं।
दो साल पहले महाभारत पर नौ घंटे की फिल्म बनाने की घोषणा करने वाले बॉबी बेदी इसका निर्माण कर रहे हैं। उनके साथ बेरी ओसबोर्न, अमरदीप बहल, फारुख धोंडी, रंजीत कपूर और तवलीन सिंह इस धारावाहिक के साथ जुड़े है। निर्देशक डॉ. द्विवेदी ने बताया कि पहले भी महाभारत छोटे और बड़े परदे पर आया है। सभी ने इसे अपने हिसाब से पेश किया है और उनकी भी यही कोशिश रहेगी।
इस धारावाहिक के लिए उन्होंने स्थापित सितारों की बजाय नए कलाकारों को तरजीह दी है, क्योंकि महाभारत के चरित्र महत्वपूर्ण है, कलाकार नहीं। इस धारावाहिक में दर्शकों को लाइव एक्शन के साथ एनिमेशन भी देखने को मिलेगा। आज तकनीक काफी बढ़ गई है और उसी की मदद से इसके ग्राफिक्स तैयार किए जाएंगे।