भोपाल. साकेत नगर में प्रेम असफल एक छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बाग सेवनिया पुलिस के मुताबिक 2ए साकेत नगर निवासी पीआर कराडे भेल में सर्विस करते हैं। उनका बेटा नवनीत (21) एक प्राइवेट कालेज में बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। बुधवार को नवनीत के पिता आफिस और काम से बाहर गई थीं। जब शाम को श्रीमती कराडे घर पहुंची तो दरवाजा बंद था। उनके काफी प्रयास करने पर दरवाजा नही खुला।
उन्होंने पड़ोसियों को बुलाया। अंदर देखा तो वहां नवनीत फंदे पर लटका हुआ था। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट बरामद किया है। जिसमें नवनीत ने लिखा है कि उसे एक लड़की से प्यार था। उसने उसे धोखा दिया, वह उसके प्यार को समझी नही और उसे छोड़ दिया। इसलिए वह दुनिया छोड़ रहा है।
अस्पताल में की आत्महत्या: बीमारी से परेशान एक युवक ने दो दिन पहले टीबी अस्पताल में चाकू से अपना गला काट लिया था। मंगलवार रात हमीदिया अस्पताल में उसकी मौत हो गई। शाहजहांनाबाद पुलिस के मुताबिक सिरोंज निवासी राशिद (35) पीरगेट इलाके में रहते थे। वे आठ साल से टीबी के मरीज थे और पिछले छह महीने से टीबी अस्पताल में भर्ती थे।
लोहे से टकराने से मौत: अशोका गार्डन के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्टरी में क्रेन से उठाकर ले जाए जा रहे लोहे से टकराने से एक युवक की मौत हो गई। अशोका गार्डन पुलिस के मुताबिक अशोक विहार, आनंद नगर निवासी जनार्दन मंडल (37) ए सेक्टर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्टरी में पेंटर था। बुधवार की सुबह जनार्दन फैक्टरी में तैयार उपकरण पर रंग कर रहा था। इस बीच क्रेन चालक प्रमोद सिंह ने क्रेन से लोहे के उपकरण उठाए तो वह जनार्दन से टकरा गए। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीमा अस्पताल ले जाने पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।