भोपाल. राजधानी की टाकीजों में विवादित फिल्म ‘जोधा अकबर’ बुधवार को प्रदर्शित नहीं हो सकी। हाई कोर्ट द्वारा इस फिल्म से रोक हटाने के बावजूद आदेश की प्रति न मिलने के कारण ऐसा हुआ है। सरगम टाकीज में इसका एक शो शुरू हुआ था, पर आबकारी विभाग की टीम पहुंचने पर उसे रोक दिया गया।
जोधा अकबर भोपाल के तीन सिनेमाघरों ज्योति, सरगम और संगम में लगी थी। विरोध के चलते प्रदेश सरकार ने फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगा दी थी। जबलपुर हाईकोर्ट ने मंगलवार को फिल्म के प्रदर्शन की अनुमति दी थी। सरगम टाकीज में ‘ओम शांति ओम’ लगी हुई है। यहां एक शो में इसके स्थान पर ‘जोधा अकबर’ दिखानी शुरू कर दी गई। शो के दौरान आबकारी विभाग का अमला एक सब इंसपेक्टर के साथ यहां पहुंचा।
इसके बाद शो रोक दिया गया। टाकीज के बुकिंग प्रमुख धर्म ललवानी ने बताया कि कोर्ट के आदेश की कापी न होने के कारण जोधा अकबर का प्रदर्शन नहीं किया गया। संगम टाकीज के मैनेजर इंदर सिंह ने बताया कि फिल्म के प्रदर्शन के अनुमति की कापी न मिलने के कारण बुधवार को जोधा अक बर का प्रदर्शन नहीं किया। यहां फिल्म वेलकम दिखाई जा रही थी। ज्योति सिनेप्लेक्स में भी यही स्थिति रही।
फिल्म रिप्रजेंटेटिव आलम ने बताया कि कहीं भी जोधा अकबर फिल्म का प्रदर्शन नहीं हो सका क्योंकि टाकीज संचालकों के पास कोर्ट के आदेश की कापी नहीं थी। इनका कहना है
हमने किसी भी टाकीज में फिल्म जोधा अकबर नहीं रुकवाई है। टाकीज संचालकों से इतना कहा था कि अगर उनके पास कोर्ट के आदेश की कापी हो, तो वे अपने रिस्क फिल्म प्रदर्शित करें। किसी के पास कापी नहीं थी लिहाजा टाकीज संचालकों ने स्वयं फिल्म का प्रदर्शन नहीं किया।
-वीके सक्सेना, सहायक आबकारी आयुक्त