भोपाल.
शिवराज सरकार ने चुनावी साल के लोक लुभावन बजट में गरीबों को तीन रुपए किलो गेहूं और साढ़े चार रुपए किलो चावल देने का एलान किया है। किसान, कर्मचारी और कारोबारी को खुश करने वाले बजट में उद्योग जगत के लिए लगातार दूसरे साल ‘सूखा’ है। आरएसएस और पुराने जनसंघियों को खुश करते हुए मीसा बंदियों को स्वतंत्रता सेनानी का दर्जा देकर तीन और छह हजार रुपए मासिक पेंशन का इंतजाम कर दिया गया है।
वित्त मंत्री राघवजी ने वर्ष 2008-09 के 100.46 करोड़ रुपए के शुद्ध घाटे वाले बजट में 39 हजार 462.79 करोड़ रुपए की आय और 39 हजार 362.33 करोड़ रुपए खर्च का अनुमान लगाया है। किसानों को लुभाने डीजल पर टैक्स एक फीसदी कम किया है तो चुनावी वादा निभाते हुए प्रोफेशनल टैक्स की सीमा भी बढ़ाई गई है। भाजपा के चुनाव घोषणा-पत्र में शामिल होने के बावजूद पांचवे साल भी मंडी टैक्स घटाने का वादा पूरा नहीं किया गया। उपभोक्ता वस्तुओं की डेढ़ दर्जन श्रेणियों को कर से मुक्ति देकर आम आदमी को राहत देने की कोशिश जरूर की गई है।
भाजपा सरकार का लगातार पांचवां बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री राघवजी ने कहा कि करों की घट-बढ़ से सरकार के खजाने को 245.34 करोड़ रुपए की हानि होगी। उन्होंने कुछ वस्तुओं को वैट के दायरे से मुक्त और कुछ में दरें घटाकर 119.33 करोड़ रुपए की कर राहत की घोषणा की। उन्होंने स्थाई संपत्ति की खरीद-फरोख्त पर स्टांप शुल्क आधा प्रतिशत घटाने का भी एलान किया।
इससे सरकारी खजाने को सालाना 90 करोड़ रुपए की चपत लगेगी। ऐसा रजिस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए किया गया है। वित्त मंत्री ने प्रदेश के 171 राष्ट्रीयकृत मार्र्गो पर मोटरयान कर प्रति सीट 160 रुपए से बढ़ाकर 240 रुपए कर 25 करोड़ रुपए जुटाने की घोषणा कर निजी बस संचालकों को नाखुश कर दिया। इसके अलावा शराब संबंधित शुल्क बढ़ाकर 20.66 करोड़ रुपए ज्यादा वसूलने का इंतजाम बजट में किया गया है। बजट में राजकोषीय घाटा 4741 करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद जताई गई है।
मप्र बजट 2008 एक नजर में
50 हजार रुपए तक सालाना आय वर्ग के लिए कुशाभाऊ ठाकरे अंशदायी पेंशन योजना। इसमें सरकार अधिकतम सौ रुपए समतुल्य अंशदान देगी
गरीबी रेखा के नीचे वाले परिवारों को तीन रुपए किलो गेहूं और साढ़े चार रुपए किलो चावल। इस पर सालाना 160 करोड़ रुपए खर्च होंगे
1.20 लाख रुपए सालाना तक आय वाले प्रोफेशनल टैक्स से मुक्त, अभी यह छूट 76 हजार रुपए आय तक पर ही थी
1.20 लाख से अधिक और 1.50 लाख रुपए सालाना आय तक वालों के लिए वृत्ति कर 1500 से घटाकर 1000 रुपए
1.50 लाख से अधिक और 1.80 लाख रुपए से कम आय पर वृत्ति कर 2500 रुपए से घटाकर 1500 रुपए
लोक नायक जयप्रकाश सम्मान निधि का एलान इसमें मीसा में छह महीने या ज्यादा जेल में रहे बंदियों को छह हजार और छह महीने से कम बंद रहे बंदियों को तीन हजार रुपए प्रति माह पेंशन और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की तरह चिकित्सा सुविधा
कर्मचारियों की ‘चक-दे’
राज्य वेतन आयोग 31 दिसंबर 2008 तक रिपोर्ट देगा
1 अप्रैल 2008 से चार फीसदी और महंगाई भत्ता
बाकी पांच फीसदी अंतर शीघ्र पूरा होगा
केंद्र जितना डीए बढ़ाएगा प्रदेश सरकार भी बढ़ाएगी, पेंशनरों को भी मिलेगा फायदा
आयुर्वेदिक औषधालयों के कंपाउंडर और महिला कार्यकर्ता का संविदा वेतन
जनप्रतिनिधि भी होंगे खुश
जिला व जनपद अध्यक्षों-उपाध्यक्षों का मानदेय बढ़ेगा और अब सदस्यों को भी मिलेगा मानदेय।