इंदौर . मप्र उच्च न्यायालय द्वारा मंगलवार को जोधा-अकबर फिल्म से प्रतिबंध हटा दिए जाने के बाद फिल्म के प्रदर्शन का रास्ता साफ हो गया था लेकिन बुधवार को दर्शक दोपहर तक फिल्म नहीं देख सके क्योंकि थिएटर वालों को कोर्ट के आदेश की प्रति नहीं मिल सकी। इसके साथ ही सुबह से यह संशय भी था कि फिल्म का विरोध करने वाले कोई नया मोर्चा न खोल दें।
सुबह 10 बजे जो दर्शक जोधा अकबर देखने पंहुचें उन्हें लौटना पड़ा। आबकारी आयुक्त टी. धर्माराव साहब का कहना था कोर्ट का आदेश हमें नहीं मिला है ऐसी स्थिति में राज्य सरकार का फिल्म को प्रतिबंधित करने का आदेश ही लागू माना जाएगा। थिएटरवालों को भी आदेश कब मिलेगा इसकी जानकारी नहीं थी। दोपहर में फिल्म शुरू हो पाई। विरोध को देखते हुए पुलिस बंदोबस्त भी किए गए थे।
आदेश मिलने वेलोसिटी के प्रबंधक सुनील जैन ने बताया फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर कोर्ट आदेश की कॉपी के लिए कोशिश कर रहे हैं। आदेश का फैक्स आते ही फिल्म शुरू कर देंगे। जिला कलेक्टर विवेक अग्रवाल से मिलकर भी शो शुरू करवाने के प्रयास हुए, जिसमें सफलता नहीं मिली। मधुमिलन सिनेमा मे 12 बजे फिल्म का प्रदर्शन शुरू हुआ जिसे बाद में रोक देना पड़ा।
दोपहर बाद लगभग दो बजे पीवीआर में शो शुरू हुए जबकि वेलोसिटी में चार बजे इसकी शुरुआत हुई। मधुमिलन और रीगल में तीन बजे शो शुरू हुए। जिला प्रशासन ने फिल्म के विरोध को देखते हुए थिएटर पर सुरक्षा बंदोबस्त भी किए थे। लेकिन न तो विरोध करने वाले आए और न ही फिल्म देखने के लिए ज्यादा दर्शक पंहुचे। सभी थिएटर्स में दर्शक बहुत कम थे।