HomeNewsMetrosIndore Indore

रिश्वतखोर अफसर और सीए सात दिन की पुलिस रिमांड पर

इंदौर. सीबीआई द्वारा रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार सहायक आयकर आयुक्त पंकज गुप्ता और बिचौलिए चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) एस.एस. मूंदड़ा को बुधवार दोपहर विशेष अदालत ने सीबीआई को सात-सात दिन के रिमांड पर सौंप दिया। उनके साथी आयकर अधिकारी अजय वीरे की तलाश जारी है। उधर, आरोपियों के घरों पर देर रात तक चली जांच में कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं।

बुधवार 12.30 बजे सीबीआई के एडीशनल एस.पी. एम.सी. खान कड़ी सुरक्षा के बीच गुप्ता और मूंदड़ा को जिला कोर्ट लाए। उन्हें विशेष न्यायाधीश सरितासिंह की कोर्ट में पेश किया गया तब खासी भीड़ मौजूद थी। कोर्ट में आरोपियों की ओर से जयसिंह व एस.के. व्यास ने और सीबीआई की तरफ से विशेष लोक अभियोजक हेमंत शुक्ला ने पैरवी की। सीबीआई ने पूछताछ, रिकॉर्डिग सहित विभिन्न तथ्यों की तस्दीक के लिए आरोपियों को 14 दिन के रिमांड पर देने की मांग की।

एक साथी फरार होने की बात भी उठाई। उधर, बचाव पक्ष का कहना था उन्हें झूठा फंसाया जा रहा है। दोनों की तरफ से जमानत याचिका भी प्रस्तुत की गई। सीए मूंदड़ा ने तबियत खराब होने की बात भी कही। कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका विचारार्थ रख ली और 5 मार्च तक सीबीआई को रिमांड पर सौंप दिया।

दूसरी ओर सीबीआई द्वारा देर रात तक दोनों के दफ्तर व निवास पर की गई जांच में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज हाथ लगे। बैंक पास बुक भी जब्त की गई हैं। सीबीआई ने मंगलवार दोपहर कालिंदी कुंज में असिस्टेंट कमिश्नर गुप्ता को नौ लाख रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। उसने यह रकम सीए मूंदड़ा के माध्यम से पीथमपुर स्थित पैकेजिंग फैक्टरी के मालिक अभय अग्रवाल से मांगी थी। इनमें आयकर अधिकारी वीरे भी शामिल था। सीबीआई ने बुधवार को उसकी तलाश में कई जगह छापे मारे लेकिन पता नहीं चला।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: