News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. गांधी मार्केट में निगम का शापिंग काम्पलेक्स बनाए जाने के लिए आर्किटेक्ट ने महापौर विवेक शेजवलकर व निगमायुक्त डा. पवन शर्मा व सिटी प्लानर विष्णु खरे के सामने प्लान प्रस्तुत कर दिया है। निगम ने उक्त प्लान का अवलोकन करने के बाद प्लान के मुताबिक नक्शे तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
आर्किटेक्ट सोनिया कापरे ने गत सोमवार को निगम परिषद कार्यालय में गांधी मार्केट का प्लान प्रस्तुत किया। प्लान के मुताबिक गांधी मार्केट के स्थान पर तीन मंजिल भूतल पार्किग बनाने का प्रस्ताव था। इसके बाद ग्राउंड फ्लोर पर गांधी मार्केट के विस्थापित दुकानदारों के लिए 252 दुकानें बनाई जाएंगी। इसके बाद तीन मंजिल और बनाई जाएंगी जिन्हें बेचा जा सकेगा। भवन की भूतल से कुल ऊंचाई साढ़े बारह मीटर होगी।
प्रजेन्टेशन में यह भी बताया गया कि पार्किग व प्रथम तल छोड़ कर कुल साढ़े सात हजार वर्गमीटर एरिया बेचने योग्य होगा। इस प्रोजेक्ट पर दिल्ली की गाइड लाइन के अनुसार लगभग 60 करोड़ रुपए का खर्च आएगा। निगमायुक्त ने आर्किटेक्ट को निर्देश दिए हैं कि वह प्लान की कास्ट एमपी की सीएसआर के अनुसार निकालें।
प्लान का प्रजेन्टेशन देखने के बाद महापौर व निगमायुक्त ने उक्त प्लान को स्वीकृति दे दी है। साथ ही आर्किटेक्ट को सात दिन में डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाकर निगम के सामने प्रस्तुत करने के लिए कहा है। इसके बाद उक्त प्लान को परिषद में स्वीकृति के लिए लाया जाएगा, परिषद की स्वीकृति के बाद इसे राज्य शासन की स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। प्लान स्वीकृत होने के बाद टेंडर कॉल कर उक्त भवन को बनाने के लिए प्रामोटर को आमंत्रित किया जाएगा।