Manoranjan
Telly Talk Telly Talk टेलीटॉक. सूचना और संचार-तकनीक के इस युग में अब तक मनोरंजन, खेल, राजनीति और न्यूज को लेकर तो कई चैनल शुरू हुए हैं, लेकिन देश में पहली बार सिर्फ विद्यार्थियों के लिए एक विशेष निजी चैनल की शुरुआत हो गई है। ‘टॉपर’ नाम से शुरू हुए इस चैनल पर नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को पढ़ाया जाएगा। इस चैनल पर सीबीएसई समेत राज्यों की परीक्षा पद्धति के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
इस चैनल की शुरुआत करने के लिए रिलायंस और डिश टीवी के लिए काम कर चुके सुनील खन्ना, ईएसपीएन स्टार स्पोर्ट्स के पूर्व उपाध्यक्ष और बिजनेस हेड श्रीचरण आयंगर ने मिलकर ग्रेसेल्स 18 मीडिया प्राइवेट लिमिटेड की स्थापना की है।
इनके साथ नेटवर्क 18 के राघव बहल और एज्युकॉम्प के शांतनु प्रकाश भी जुड़ गए हैं। सुनील खन्ना ने अपने इस नए चैनल टॉपर के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अंग्रेजी में चलाए जाने वाले इस चैनल पर हर दिन छह नए एपिसोड दिखाए जाएंगे, जिसमें से चार रेग्युलर कोर्स के होंगे, जबकि दो परीक्षा पर आधारित होंगे।
सभी विद्यार्थियों को चैनल देखने का मौका एक ही समय नहीं मिलता, इसलिए हम इन एपिसोड को हफ्ते में चार बार दोबारा प्रसारित भी करने वाले हैं ताकि सभी विद्यार्थियों को इसका फायदा हो। फ्री टू एयर यह चैनल डिश टीवी और टाटा स्काय पर उपलब्ध है। हम इस चैनल पर देश के बेहतरीन शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को सिखाने का प्रयास करने वाले हैं।
पीट्सबर्ग यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर चंद्रलेखा सिंह, आईआईएम बंगलुरु के प्रोफेसर शंकर वेंकटगिरी, आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर देवव्रत गोस्वामी, आईआईटी रुड़की की प्रोफेसर शालिनी शर्मा के अलावा सुनीत लूथरा, मोना श्रीवास्तव, पवन चौहान आदि प्राध्यापक भी विद्यार्थियों को पढ़ाएंगे।