Manoranjan
Telly Talk Telly Talk सब टीवी के रियलिटी शो ‘एक्टिंग की फनशाला’ के इस शुक्रवार को प्रसारित होने वाले खलनायक स्पेशल एपिसोड में मशहूर विलेन शक्ति कपूर जज की भूमिका में नजर आएंगे। रुपहले परदे पर अपनी ऊलजुलूल हरकतों के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करने वाले अभिनेता शक्ति कपूर फिर एक बार छोटे परदे पर नजर आने वाले हैं।
खबर है कि शक्ति सब टीवी के रियलिटी शो ‘एक्टिंग की फनशाला’ के इस हफ्ते प्रसारित होने वाले एपिसोड में बतौर जज नजर आएंगे। इससे पहले शक्ति स्टार वन के कॉमेडी शो ‘लाफ्टर चैंपियन’ और स्टार प्लस के ‘नच बलिए’ में भी नजर आ चुके हैं।
सब टीवी के इस शो के जरिए बेहतरीन अभिनेता/अभिनेत्री की तलाश की जा रही है। शो से जुड़े सूत्र ने बताया कि इस हफ्ते शुक्रवार को प्रसारित होने वाला एपिसोड खलनायक स्पेशल है। इसमें प्रतिभागी खलनायक का अभिनय करते नजर आएंगे।
इस एपिसोड को ‘मोगैम्बो खुश हुआ’ नाम दिया गया है। जब इस एपिसोड का कांसेप्ट तैयार किया जा रहा था, उस वक्त विशेष जज के रूप में शक्ति कपूर का नाम ही सबके जेहन में आया। शक्ति कपूर आज भी खलनायक के रूप में पहचाने जाते हैं और उनका ललिता कहना आज भी दर्शकों को याद है। शक्ति कपूर भी जज की भूमिका से खासे उत्साहित नजर आए। शक्ति के मुताबिक वे पहली बार किसी रियलिटी शो में जज बने हैं।
उन्होंने शो के इस विशेष एपिसोड़ से जुड़ना महज इसलिए स्वीकार किया, क्योंकि यह खलनायक स्पेशल है। शो में हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिभागी कमाल के हैं और उनमें अभिनय की समझ भी है।
इस शो में शक्ति के अलावा बॉलीवुड के मशहूर स्टंट कोआर्डिनेटर परवेज भाई भी आने वाले हैं। परवेज भाई ने ‘अब तक छप्पन’, ‘सेहर’, ‘जेम्स’ जैसी फिल्मों के लिए स्टंट निर्देशित किए है। वह शो के प्रतिभागियों को मुक्के मारने और सिर से बोतल फोड़ने जैसे स्टंट सिखाने वाले हैं।