नई दिल्ली. लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी ने सांसदों के विरोध और हंगामे को देखते हुए कड़े शब्दों में फटकार लगाते हुए कहा कि इस तरह सदन की कार्यवाही को बाधित करना लोकतंत्र की हत्या करने के समान है। इसके बाद लोस स्थगित कर दी गई।
किसानों की समस्याओं के मुद्दे पर गुरुवार को भी लोकसभा की कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल सकी और सांसदों ने खूब हंगामा किया। लोस अध्यक्ष चटर्जी द्वारा इस मुद्दे पर बाद में चर्चा किए जाने के आश्वासन के बावजूद सांसदों ने हंगामा बंद नहीं किया। इस पर चटर्जी ने कहा कि सांसद देश में लोकतंत्र की हत्या करने का काम कर रहे हैं।
सांसदों द्वारा हंगामा जारी रखे जाने पर पहले लोकसभा को दोपहर तक स्थगित किया गया था लेकिन दोबारा सत्र शुरू होने के बाद भी कार्यवाही में व्यवधान आने पर कल तक के लिए सदन को स्थगित कर दिया गया।