न्यूयार्क. किसी धातु पर जंग लगने की तर्ज पर ही मानव शरीर की स्वस्थ कोशिकाएं भी बढ़ती उम्र के साथ विकृत होती जाती हैं। वक्त के साथ-साथ कई तरह की बीमारियां भी मानव शरीर में घर बनाने लगती हैं। इस प्रक्रिया को समझने के क्रम में वैज्ञानिकों ने ऐसे जीन्स-समूह की खोज की है जो कोशिकाओं को ऑक्सिडेशन से बचाने में सक्षम है।
‘नेचर’ पत्रिका में छपे लेख के अनुसार, विसकॉन्सिन मैडिसन विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने संबंधित जीन्स के समूह में अहम भूमिका निभाने वाले एक एन्जाइम की खोज की है जो कोशिकाओं के नष्ट होने की प्रक्रिया को रोकने वाले प्रोटीन ‘हीमे ऑक्सीजनेस-1’ के उत्पादन को नियंत्रित करता है। बुढ़ापे से संबंधित जीन्स की समूची प्रणाली की यह खोज बढ़ती उम्र के साथ कोशिकाओं के नष्ट होने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देगी।