bhaskar Web English
HomeNewsMetrosIndore Indore

दुर्घटनाओं से पीड़ित लोग सड़क पर उतरे

इंदौर. नौलखा से तीन इमली जाने वाली सड़क पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने से हो रही दुर्घटनाओं से पीड़ित क्षेत्रवासी गुरुवार को सड़क पर उतरे और प्रदर्शन किया। उसके बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और नगर निगम के अधिकारी पहुंचे लेकिन डिवाइडर बनाने से साफ इंकार कर दिया। इंदौर विकास प्राधिकरण भी इसके लिए तैयार नहीं। यातायात जवानों की नियुक्ति का आश्वासन जरूर पुलिस से मिला।

बीआरटीएस कॉरिडोर निर्माण के चलते एबी रोड पर नौलखा से भंवरकुआं का रास्ता दो दिन पहले पूरी तरह बंद कर दिया गया। मंगलवार को जवाहर दाल मिल के सामने ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत के बाद गुरुवार को भी बस की टक्कर से दो दुर्घटनाएं हुई। उनमें किसी को ज्यादा चोट तो नहीं आई लेकिन विचलित रहवासियों को सड़क पर उतरने को मजबूर कर दिया। उन्हें पार्षद अरविंद बागड़ी और भाजपा नेता सुमित मिश्रा ने अपनी-अपनी तरह से समझाया।

जब बात नहीं बनी तो एडीशनल एसपी महेशचंद जैन, पुलिस बल, पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन यंत्री आर.के. सांवला व निगम इंजीनियर ओमप्रकाश दुबे मौके पर पहुंचे। नाराज लोगों ने अफसरों से कहा एबी रोड का सारा ट्रैफिक इधर डायवर्ट करने के बाद नियंत्रित करने के इंतजाम नहीं किए। डिवाइडर नहीं होने से बस व ट्रक वाले अंधाधुंध चलते हैं और सड़क के दोनों तरफ उबड़-खाबड़ जगह होने से लोगों के बचने के रास्ते भी बंद हो जाते हैं।

कौशल्यापुरी रहवासी संघ के दिलीप पुरोहित ने कहा 8 मार्च तक डिवाइडर नहीं बने तो अगले दिन नौलखा चौराहे पर धरना देंगे। शुक्रवार को क्षेत्र की 12 कॉलोनियों के रहवासी संभागायुक्त बी.पी. सिंह से भी मिलेंगे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: