bhaskar Web English
HomeNewsMetrosIndore Indore

३ घंटे, ४ क्षेत्र : १७ वाहन जलाए

इंदौर. i कुछ समय से शरारती तत्वों द्वारा शहर में कारों व बाइक को नुकसान पहुंचाने का सिलसिला चल रहा है। बुधवार रात पश्चिमी क्षेत्र के चार इलाकों में बदमाशों ने १६ बाइक और एक कार में आग लगा दी साथ ही चार कारों में तोड़फोड़ कर दी। इससे पहले पूर्वी क्षेत्र में अब तक 150 से ज्यादा वाहनों के कांच फोड़े जा चुके हैं। पुलिस अब तक एक भी आरोपी का सुराग नहीं लगा पाई है। उधर, एसपी ने गुरुवार से देर रात सड़कों पर घूमने वालों के लिए सख्त निर्देश जारी कर दिए हैं।

वाहनों को जलाने का सिलसिला रावजीबाजार क्षेत्र से बुधवार रात 1 बजे के करीब शुरू हुआ जो तड़के ४ बजे तक चलता रहा। रहवासियों के मुताबिक चंद्रभागा हनुमान मंदिर के पास खड़ी कार के कांच जब फोड़े गए तो शोर सुनकर घरवाले बाहर निकले लेकिन तब तक आरोपी भाग गए। यहां रहने वाले जितेंद्र ने बताया कि कार उनके मित्र की थी, जिसे वे बड़े भाई को अस्पताल ले जाने के लिए लाए थे।

इसके बाद रावजीबाजार गली नं. 1 में, मेन रोड पर तथा शनि गली में खड़ी गाड़ियां जलाई गईं। फिर बदमाशों ने जूनी इंदौर क्षेत्र में रामायण अपार्टमेंट और खत्री अपार्टमेंट में खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाया। अन्नपूर्णा और एरोड्रम क्षेत्र में भी गाड़ियों में तोड़फोड़ और आगजनी हुई। रावजी बाजार, जूनी इंदौर, अन्नपूर्णा तथा एरोड्रम पुलिस ने कुल 11 गाड़ियों में तोड़फोड़ तथा आगजनी की घटनाओं की कायमी की। इसके अलावा दस से ज्यादा ऐसी गाड़ियां हैं, जिनके मालिक थानों तक नहीं पहुंचे। अनुमान है कि उन वाहनों के मालिक शहर से बाहर हैं।

डीलर नहीं कु छ छात्रों की हो सक ती है करतूत

साकेतनगर निवासी नीरज याग्निक ने बताया कि सबसे पहले उनके क्षेत्र में साकेत क्लब की पीछे वाली गली से कारों में तोड़फोड़ की घटनाएं शुरू हुई थी। उसके बाद एक माह के अंदर 5 से 6 बार आए बदमाशों ने लगभग हर घर के बाहर खड़ी कार के कांच फोड़े। पंकज चौरसिया, डॉ. अमित पुरोहित आदि ने भी बताया कि आरोपी कार तथा दुपहिया वाहनों से आते थे और शोर मचाने के साथ कांच फोड़कर भाग जाते थे। ये हमले वे छात्र कर रहे हैं, जिनका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। डीलर ऐसा नहीं करेंगे।

मामले में विधायक अश्विन जोशी के समर्थक सुरेंद्र जैन, पार्षद मुमताज खान, रश्मि वर्मा, हेमलता सोनकर, अम्बू जैन आदि लोगों ने गुरुवार दोपहर एसपी के नाम एक ज्ञापन सौंपा और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की। एसपी अंशुमान यादव ने सभी थानों की पुलिस को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि रात 12 बजे बाद जो भी व्यक्ति सड़क पर घूमता दिखे उसे तत्काल हिरासत में लेकर थाने भेजा जाए। पूछताछ और पूरी तसल्ली के बाद ही छोड़ा जाए।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: