bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

छात्रों ने गोली मारने की धमकी दी

रायपुर. यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन की डिग्री सूची में एमसीएम का नाम नहीं होने के मुद्दे पर रविवि पहुंचे छात्रों की कुलपति डा. लक्ष्मण चतुर्वेदी से जमकर तनातनी हुई। छात्रों ने काफी हंगामा और नारेबाजी की। कुलपति से वाद-विवाद के बाद अचानक खबर फैली कि छात्रों ने डा. चतुर्वेदी को गोली मारने की धमकी दे दी है। कुलपति ने इसकी पुष्टि की और कहा कि इस धमकी की उच्चस्तरीय शिकायत की जाएगी।

हालांकि छात्रों का नेतृत्व कर रहे एनएसयूआई के अमित शर्मा ने इस आरोप को बेबुनियाद करार दिया और कहा कि कुलपति पहले भी इस तरह के ड्रामे करते रहे हैं। जिस वक्त छात्रों और कुलपति में विवाद और कथित धमकी-चमकी हुई, पुलिस नहीं थी इसलिए आला अफसरों ने कुछ भी कहने में असमर्थता जता दी।

दैनिक भास्कर ने एमसीएम की डिग्री की मान्यता का मुद्दा प्रमुखता से उछाला था। रिपोर्ट के मुताबिक एमसीएम कोर्स रविवि में चल रहा है, लेकिन इसकी डिग्री को यूजीसी ने मान्यता नहीं दी है। इस बात से नाराज छात्र रविवि पहुंच गए और विवि प्रशासन पर आरोप लगाया कि बिना मान्यता की डिग्री वाला कोर्स चलाकर छात्रों को परेशान किया जा रहा है।

एनएसयूआई के शहर अध्यक्ष अमित शर्मा के नेतृत्व में 100 से ज्यादा छात्र विरोध करने के लिए विवि पहुंचे। उन्होंने विवि प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कुलपति डा. चतुर्वेदी का घेराव कर दिया। उन्होंने पूछा कि आखिर छात्रों से ऐसा खिलवाड़ क्यों किया गया। विवि प्रबंधन के जवाब से असंतुष्ट छात्र थोड़ी देर में उग्र हो गए और हंगामा खड़ा कर दिया। दुर्गा कालेज के प्राचार्य श्रीराम धुप्पड़ ने भी छात्रों को समझाने की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने। हंगामे के बाद छात्र वहां से चले गए। कुलपति भी कैंपस से बाहर चले गए।

विवि में हड़कंप

एमसीएम मुद्दे पर छात्रों के हंगामे के बाद कुलपति ने अफसरों की क्लास ले डाली। उन्होंने एमसीएम से संबंधित सारी जानकारियां मंगवाईं। इसके अध्ययन से सभी चकित रह गए, क्योंकि यूजीसी की डिग्री लिस्ट में एमसीएम कोर्स का जिक्र वाकई नहीं था। कुलपति ने निर्देश दिए कि इस मामले की गहराई से छानबीन की जाए।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: