News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. टाटीबंध से नो इंट्री में घुसा ट्रक गुरुवार दोपहर मोहबाबाजार पुल से आटो को चपेट में लेते हुए नीचे गिर गया। हादसे में आटो चालक बलविंदर सिंह की मौत हो गई। मृतक भिलाई का रहने वाला था।
बताते हैं, ट्रक भोपाल से फ्रूटी के कार्टून लेकर रायपुर आया था। उसे महोबाबाजार के एक गोदाम में अनलोड होना था। दोपहर में टाटीबंध से शहर की ओर बड़े वाहनों को प्रवेश प्रतिबंधित है, लेकिन ट्रक घुस आया। पुल के पास उसकी गति अनियंत्रित हो गई। पहले वह सिटी बस से टकराते बचा और फिर आटो को लेकर नीचे जा गिरा। चालक बलविंदर आटो में बुरी तरह फंस गया।
काफी मशक्कत के बाद आटो के क्षतिग्रस्त हिस्सों को काटकर उसे निकाला गया। गंभीर हालत में उसे डा. आंबेडकर अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही ट्रक चालक और खलासी भाग गए। बताते हैं, फ्रूटी के काटरून लेकर ट्रक भोपाल से आया था। यहां महोबाबाजार के किसी गोदाम में माल अनलोड करना था।
हादसे के बाद घटना स्थल पर हड़कंप मच गया। 20 फीट से भी ज्यादा ऊंचाई से ट्रक और आटो के नीचे गिरने से न केवल हाई टेंशन लाइट का एक खंबा मुड़ गया, बल्कि रेलवे लाइन की बिजली सप्लाई भी कुछ देर के लिए ठप हो गई। इनकी चपेट में आए दो पेड़ भी टूट गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ही नहीं रेलवे के आला अफसर भी मौके पर पहुंच गए। जब तक वहां राहत कार्य चलता रहा, जीई रोड पर जाम लगा रहा।
वहां की स्थिति संभालने के लिए आला अफसरों को फोर्स भेजनी पड़ी। क्रेन के जरिए रेलवे ट्रैक के किनारे से क्षतिग्रस्त ट्रक (एमीपी04ए6391) और आटो (सीजी04टी0970) को हटाया गया। जब्ती बनाने के बाद में इन्हें आमानाका थाने ले जाया गया। पुलिस ट्रक चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर उसके मालिक का पता लगा रही है।
मालगाड़ी प्रभावित
हादसे के बाद रेलवे लाइन की बिजली सप्लाई प्रभावित होने से कुछ मालगाड़ियां आधे से एक घंटे तक लेट हो र्गई। रेलवे के तकनीकी कर्मचारी रेलवे लाइन की बिजली सप्लाई बहाल करने में लगे रहे, वहीं हाईटेंशन लाइन तत्काल काट दी गई। बिजली कर्मचारी वहां शाम तक खंभा खड़ा करने में लगे रहे।
नोइंट्री में भारी वाहन
टाटीबंध चौक पर पुलिस चौकी के बावजूद ट्रक नो इंट्री तोड़कर शहर में घुस आते हैं। घटना के बाद भी दो-तीन ट्रकों को नो इंट्री में बेरोकटोक घुसते हुए देखा गया। टाटीबंध इलाके में भारी वाहनों के उत्पात से आए दिन छोटे मोटे हादसे होते हैं, लेकिन पुलिस इन पर अंकुश नहीं लगा पा रही है।