News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर.
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली। बारहवीं की परीक्षा शुक्रवार, 29 फरवरी को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। 10वीं की परीक्षा अगले दिन शनिवार, 1 मार्च से प्रारंभ होगी। राज्य में दोनों परीक्षाओं के 1528 केंद्र बनाए गए हैं।
रायपुर शहर में 222 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 12 वीं में 28,650 परीक्षर्थियों को शामिल होना है। माध्यमिक शिक्षा मंडल के उपसचिव पीके पांडे ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के प्रभारियों को परीक्षा के संबंध में उचित दिशा-निर्देश भेज दिए गए। कोई भी छात्र प्रवेशपत्र में त्रुटियों के कारण परीक्षा से वंचित न हो, इसका ध्यान रखा गया है। केंद्र प्रभारियों से कहा गया है कि परचे शुरू करने में एक मिनट की भी देरी न हो। बोर्ड ने शहर के स्कूलों में परीक्षार्थियों की बैठक व्यवस्था को अंतिम रूप दिया।
उत्तरपुस्तिकाएं एक हफ्ते पहले ही परीक्षा केंद्रों तक पहुंचा दी गईं। कल के परचे गुरुवार को देर शाम सभी केंद्रों को भेजे गए। श्री पांडे ने बताया कि परीक्षाओं के लिए जिलों को दो संभागों में बांटा गया है। रायपुर और बिलासपुर संभागों में 9-9 जिले हैं। उन्होंने बताया कि 10 वीं बोर्ड की परीक्षा में 3 लाख 17 हजार 714 छात्र-छात्राएं को सम्मिलित होना है। रायपुर जिले में दसवीं की परीक्षा देने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या 45,237 है।
नकलचियों पर नजर
बोर्ड परीक्षा के दौरान नकल रोकने में जिलों के कलेक्टर भी सहयोग करेंगे। पिछली परीक्षा में जिन ब्लाकों से सामूहिक नकल की शिकायतें मिलीं, वहां खास निगरानी रखी जाएगी। बोर्ड के दस्ते के साथ प्रशासनिक और पुलिस अफसर भी रहेंगे। केंद्र प्रमुखों को नकल पर अंकुश लगाने के टिप्स दिए गए हैं। जिन जिलों में खास सतर्कता बरती जाएगी, उनमें रायपुर और जांजगीर के अलावा जशपुर व सरगुजा भी हैं। जांजगीर में पिछले साल बोर्ड परीक्षा के दौरान नकल के ढाई हजार से ज्यादा केस पकड़े गए थे। उसके बाद रायपुर जिले का नंबर था।