bhaskar Web English
HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

प्रेमी युगल की सुरक्षा के हाईकोर्ट के आदेश

ग्वालियर. पुलिस के डर से छुपकर रह रहे प्रेमी जोड़े को आखिरकार ग्वालियर में सुरक्षा मिल ही गई। दिल्ली से प्रेम विवाह कर ग्वालियर पहुंचे प्रेमी युगल को यह सुरक्षा हाईकोर्ट की ग्वालियर खंडपीठ के आदेश पर दी गई है। कोर्ट ने इसके साथ ही पुलिस को यह भी निर्देश दिए कि अगर छत्तीसगढ़ या ग्वालियर पुलिस को युगल से पूछताछ करनी है तो पहले वह न्यायालय में आवदेन पेश करे, उन्हें गिरफ्तार न किया जाए। कोर्ट ने छत्तीसगढ़ पुलिस को नोटिस देकर चार सप्ताह में जवाब देने को कहा।

रायपुर के कांकेर निवासी २७ वर्षीया दीपरेखा ध्रुवे एक पूर्व सांसद की नातिन और ज्वाइंट कलेक्टर घनश्याम ध्रुवे की बेटी है। दीपरेखा की तकरीबन ढाई साल पहले गुड़गांव की कंसल्टेंसी कंपनी में कार्यरत अमित कुमार जैन से दोस्ती हुई, धीरे-धीरे उनका प्यार परवान चढ़ा। दीपरेखा के परिवारवालों को इसकी भनक लगी तो उन्होंने उस पर बंदिशें लगा दीं। इसके बावजूद दीपरेखा अमित से मिलने अकेली दिल्ली जा पहुंची। दोनों ने १२ फरवरी को दिल्ली में आर्यसमाजी परंपरा से विवाह कर लिया।

दीपरेखा ने अपने घर फोन करके विवाह की सूचना भी दे दी। इसके बाद युगल ग्वालियर अपने परिचित के यहां रहने आ गया। इस बीच दीपरेखा के पिता घनश्याम ध्रुवे ने थाने में बेटी के अपहरण का मामला दर्ज करवा दिया। छत्तीसगढ़ पुलिस को जब पता चला कि दीपरेखा अमित के साथ ग्वालियर में रह रही है तो उन्होंने तुरंत ग्वालियर पुलिस को सूचना दे दी।

सूचना के आधार पर पड़ाव पुलिस अमित के रिश्तेदार के यहां जाकर अमित को पकड़ ले गई। इस पर दीपरेखा और अमित ने न्यायमूर्ति राजेंद्र मेनन की अदालत में अपनी सुरक्षा के लिए याचिका दायर की। प्रेमी युगल के वकील पंकज सक्सेना के मुताबिक अदालत ने युगल की बात सुनने के बाद पुलिस को दोनों की सुरक्षा करने का आदेश दिया।

मिस्ड कॉल बदला प्यार में

दीपरेखा और अमित का प्रेम विवाह किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। उनके प्यार की शुरुआत रोचक है। सिर्फ एक मिस्ड कॉल से पहले दोस्ती हुई फिर प्यार और परिणति हुई शादी में। गुड़गांव में ४ लाख के वार्षिक पैकेज पर नौकरी कर रहे अमित का गलती से रायपुर निवासी दीपरेखा के मोबाइल पर मिस्ड कॉल लग गया। दीपरेखा के कॉलबैक करने पर उन दोनों की बातचीत शुरू हो गई। इसके बाद वे इंटरनेट पर एक-दूसरे से सम्पर्क में रहे और उनके बीच प्यार हो गया।

सुकून से जीना चाहते हैं : अमित

अमित के मुताबिक दीपरेखा के पिता अपने पद का फायदा उठाकर उन्हें जबरन तंग करवा रहे हैं। जबकि हम दोनों बालिग हैं और बिना किसी दबाव के हमने शादी की है। हमारी किसी से कोई शिकायत नहीं है हम तो सिर्फ अपनी वैवाहिक जिंदगी सुकून से जीना चाहते हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: