जयपुर. सांगानेर प्रतापनगर में मिनी बस कंडक्टर ने छात्रों से किराया मांगा तो उन्होंने लाठी व सरियों से उसे पीट कर घायल कर दिया। कंडक्टर को बचाने आया ड्राइवर भी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार मुरलीपुरा नाड़ी का फाटक निवासी एवं ड्राइवर रामकिशोर शर्मा (27) गुरुवार सुबह 11.30 बजे रूट नं. 11 की मिनी बस को लेकर प्रतापनगर के सेक्टर तीन से जा रहा था। सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कॉलेज के करीब 8 छात्र बस में सवार हुए। कंडक्टर हाफिज मोहम्मद ने छात्रों से किराया मांगा तो उन्होंने देने से मना कर दिया।
इस पर ड्राइवर ने बस रोक दी तथा किराया देने पर ही आगे चलने की बात कही। इस पर छात्रों ने कंडक्टर व ड्राइवर की पिटाई कर दी। हमले के बाद छात्र मौके से फरार हो गए। ड्राइवर के सिर में गंभीर चोट आने के कारण उसे एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ड्राइवर ने सांगानेर थाने में छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।