जयपुर.
चौड़ा रास्ता स्थित कांता टैक्सटाइल्स को सील किए जाने का विरोध गुरुवार दोपहर तक जारी रहा। दुकान में कुछ लोगों के होने का पता चलने पर गुरुवार को आबकारी अधिकारियों ने सील तोड़कर तीन लोगों को बाहर निकाला और पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान दुकानदारों ने खासा विरोध किया।
आबकारी के अतिरिक्त आयुक्त हनुमंत सिंह भाटी बुधवार रात करीब 11.30 बजे कोतवाली पुलिस की सहायता से कांता टैक्सटाइल्स को सीज करने गए तो दुकान पर ताले लगे मिले। आबकारी अधिकारियों ने दुकान सील करने का प्रयास किया तो व्यापारियों ने विरोध किया।
व्यापारियों का कहना था कि आबकारी विभाग की बकाया राशि गुरुवार सुबह तक दे दी जाएगी। अधिकारियों ने मौके पर चेक मांगा तो किसी भी व्यापारी ने चेक देना स्वीकार नहीं किया। इस पर व्यापारियों ने विरोध बंद कर दिया व गुरुवार सुबह राशि दिए जाने पर सील हटाने पर सहमति दे दी। सहमति होने के बाद आबकारी विभाग ने पहले से दुकान पर लगे तालों पर सील-चपड़ी लगाकर वहां चौकीदार तैनात कर पेट्रोलिंग अधिकारी मदन लाल को लगाया था।
जिला आबकारी अधिकारी मीणा को मदनलाल ने गुरुवार सुबह 11 बजे सूचना दी कि दुकान के अंदर कुछ व्यक्ति हैं। इस पर मीणा व आबकारी निरोधक दल के उप अधीक्षक राजीव दत्ता स्थानीय पुलिस को लेकर चौड़ा रास्ता पहुंचे तो वहां करीब सौ व्यक्ति मौजूद थे।
करीब तीस लोगों ने कांता टैक्सटाइल्स के आगे मानव श्रंखला बना रखी थी तथा आबकारी विभाग वालों को शटर नहीं खोलने दिया। इस दौरान धक्का मुक्की भी हुई। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से सील व ताले तोड़कर शटर खोले गए। दुकान के अंदर मौजूद रामगंज के इमाम चौक निवासी रियाज खान (21), किशनपोल के ठाकुर बोराज का रास्ता निवासी वीरेंद्र सिंह (39) व शाहपुरा के राड़ावास गांव निवासी धमेर्ंद्र चौधरी (20) को बाहर निकाला।
कमिश्नर थाने पहुंचे
दुकानदार ने गुरुवार की सुबह आबकारी विभाग के खिलाफ दुकान में तीन लोगों को बंदी बनाकर रखने व उन्हें बरामद करने का वाद न्यायालय में पेश किया था। इस पर न्यायालय ने कमिश्नर नियुक्त कर दुकान की तलाशी के लिए भेजा। कमिश्नर थाने में पहुंचे, उससे पहले तीनों लोगों को बाहर निकाला जा चुका था। इससे वे बिना तलाशी लिए वापस चले गए।
तीस के खिलाफ मामला
आबकारी विभाग ने कोतवाली पुलिस में गुरुवार को हनुमान मील, हरफूल चौधरी,राधेश्याम व मुकेश सहित करीब 30 लोगों के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कराया है।