bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

पांचवीं में एक आठवीं में एक भी नहीं

बीकानेर. शहरी क्षेत्र में संचालित कुछ सरकारी स्कूलें बिना छात्रों के कागजों में ही चल रही हैं। शिक्षक स्कूल पहुंचते हैं। हाजिरी लगाकर कुछ देर गपशप करके वापस लौट जाते हैं। सूत्रों के अनुसार जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने हाल ही में राजकीय प्राथमिक तथा उच्च प्राथमिक स्कूलों की छात्रवार रिपोर्ट शिक्षा आयुक्तालय भेजी है।

रिपोर्ट के अनुसार बल्लभनगर, जीवननाथ कॉलोनी की पांचवीं कक्षा में एक भी बच्च नहीं है। इसी प्रकार आंबेडकर कॉलोनी, पवनपुरी दक्षिण विस्तार, हाउसिंग बोर्ड पवनपुरी, दाऊजी मंदिर, आरएसी बटालियन, नगर परिषद के पीछे स्थित स्कूल की पांचवी ंकक्षा में एक-एक तथा भीनासर और 11 नंबर स्कूल में दो-दो बच्चे पांचवी में पढ़ रहे हैं।

शहरी क्षेत्र में स्थित 24 प्राथमिक शालाओं की स्थिति यह है कि पांचवी कक्षा में छात्र संख्या का आंकड़ा पांच-सात से ऊपर पहुंच ही नहीं रहा है। कुल छात्र संख्या की स्थिति की गणना की जाए तो अधिकांश अनार्थिक की श्रेणी में बंद करने लायक हैं। कम छात्र संख्या होने के बावजूद कई स्कूलों को उच्च प्राथमिक में क्रमोन्नत किया जा चुका है। यही स्थिति उच्च प्राथमिक शालाओं की है।

छबीली घाटी, सुभाषपुरा, हमालों की बारी, आचार्यो का चौक, नत्थूसर गेट स्कूल की आठवीं कक्षा में बच्चे ही नहीं है। गुरुद्वारा बालिका, इंद्रा कॉलोनी बालिका, रथखाना, मुक्ता प्रसाद बालिका विद्यालयों की कक्षा आठ में इक्का-दुक्का बच्चे हैं। शहरी क्षेत्र में स्थित 57 उच्च प्राथमिक शालाओं में से ऐसी कई स्कूलें जिनकी छात्र संख्या सौ का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई।

सूत्रों का कहना है कि शून्य छात्र संख्या वाली स्कूलों को विभाग ने अपने रिकार्ड में तो अनार्थिक मान लिया लेकिन आदेशों की क्रियान्विति नहीं होने के कारण उनमें अब भी शिक्षक कार्यरत हैं और वेतन ले रहे हैं। कुछ स्कूलें रिकार्ड में तो मर्ज कर दी गई लेकिन शिक्षक हटने को तैयार नहीं है।

फरसोलाई स्कूल को मर्ज करने के आदेश जुलाई 2007 में जारी होने के बाद भी उस पर अमल नहीं हो पा रहा है। इस स्कूल को मरुनायक चौक में मर्ज कर दिया गया है लेकिन स्कूल का चार्ज अब तक नहीं सौंपा जा सका है। पूल मद की नौ स्कूलें हैं। उनकी भी यही स्थिति है। विभाग की अनदेखी के कारण सरकार के लाखों रुपए का चूना लग रहा है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: