बीकानेर.
बीकानेर से दिल्ली अब और नजदीक हो गई है। रेवाड़ी से सादुलपुर के बीच ब्राडगेज लाइन का कार्य पूरा हो चुका है और उम्मीद है कि अप्रैल में इस लाइन को खोल दिया जाएगा। आमान परिवर्तन के चलते बीकानेर से सादुलपुर के बीच ही ट्रेनों का संचालन हो रहा था।
रेवाड़ी से सादुलपुर के बीच के 112 किलोमीटर लंबे ट्रेक पर ब्राडगेज लाइन बिछाने के बाद एक सप्ताह पहले इस पूरे रूट पर इंजन चलाकर परीक्षण भी पूरा हो चुका है। 31 मार्च तक इस पूरे रूट पर बाकी बची छोटी-मोटी कमियों को दूर कर लिया जाएगा।
इसके बाद अप्रैल में रेलवे संरक्षा आयुक्त द्वारा परीक्षण के बाद इस रूट को यात्री ट्रेनों के लिए खोल दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार विगत कई महीनों से इस पूरे रूट पर युद्धस्तर पर कार्य जारी था। इस रूट के पहले चरण में रेवाड़ी से दिल्ली तक आमान परिवर्तन हुआ था।
दूसरे चरण में रेवाड़ी से सादुलपुर और तीसरे चरण में सादुलपुर से बीकानेर तक आमान परिवर्तन होना प्रस्तावित है। आमान परिवर्तन के बाद बीकानेर से दिल्ली तक ब्राडगेज लाइन हो जाएगी और दिल्ली पहुंचना और आसान हो जाएगा।
फिलहाल बीकानेर के लोगों का अवध आसाम एक्सप्रेस के माध्यम से भटिंडा होते हुए दिल्ली जाना पड़ता है जिसमें अतिरिक्त समय लगता है। संपर्क क्राति भी दिल्ली पहुंचाती है मगर यह पूरे सप्ताह नहीं चलती और जयपुर होते हुए जाती है।
आमान परिवर्तन के बाद बीकानेर से सीधे दिल्ली पहुंचा जा सकेगा और यात्रा में तीन से चार घंटे तक बचत होगी। रेलवे की निर्माण शाखा के डिप्टी चीफ इंजीनियर निर्मल कुमार शर्मा ने बताया कि रेवाड़ी-सादुलपुर के बीच बाकी बचा काम जल्द ही पूरा हो जाएगा। इसके बाद रेलवे संरक्षा आयुक्त को आमंत्रित किया जाएगा।