जोधपुर. जोधपुर के प्रमुख पर्यटन स्थल मेहरानगढ़ जाने के लिए नागौरी गेट से पहाड़ी पर बनी किला रोड को चौड़ा कर सुदृढ़ बनाने की कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग ने एक करोड़ बीस लाख रुपए की योजना बनाई है।
इस महत्वपूर्ण सड़क को चौड़ा करने के लिए चट्टानों को काटा जाएगा। इसके अलावा संभाग में जोधपुर, पाली व आबू स्थित संग्रहालयों के विकास के लिए सरकार ने पंद्रह लाख की राशि स्वीकृत की है।
संभागीय आयुक्त श्रीमती किरण सोनी गुप्ता की अध्यक्षता में गुरुवार को उनके कक्ष में आयोजित उप समिति की बैठक में यह जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि जोधपुर स्थित सरदार राजकीय संग्रहालय तथा राजकीय संग्रहालय मंडोर के विकास कार्र्यो पर ढाई-ढाई लाख रुपए खर्च होंगे।
इसी प्रकार राजकीय संग्रहालय आबू पर्वत व कलादीर्घा संग्रहालय चंद्रावती आबूरोड पर पौने तीन-पौने तीन लाख व श्री बांगड़ राजकीय संग्रहालय पाली के विकास पर ढाई लाख रुपए खर्च होंगे।
ये होंगे विकास कार्य
जिला कलेक्टर नरेशपाल गंगवार ने बताया कि किला रोड को चौड़ा करवाने के लिए न्यास की ओर से एक करोड़ 20 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। यह राशि पीडब्ल्यूडी को स्थानांतरित करने के साथ ही निविदाएं आमंत्रित की गई है।
सड़क को चौड़ा करने के लिए अतिक्रमण हटाने के साथ चट्टानों को काटा जाएगा। उन्होंने बताया कि मंडोर उद्यान के विकास में पाइप लाइन बिछाने का कार्य जारी है।
विकास कार्र्यो के तहत संग्रहालयों में प्रदर्शित व संग्रहित पुरा सामग्री की जानकारी युक्त ब्रोसर का प्रकाशन, एक्रेलिक शीट, शो केश में समुचित प्रकाश व्यवस्था, दीर्घाओं में धातु के स्तंभ, रंग रोगन का कार्य, दर्शकों के सामान की सुरक्षा के लिए लॉकर, अलमारियां, प्लास्टर व फ्लोरिंग आदि कार्य करवाए जाएंगे।