HomeSpecialBudget News Budget News

रक्षा बजट एक लाख करोड़ के पार

नई दिल्ली.वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने आज लोकसभा में आम बजट पेश करते हुए रक्षा बजट में दस फीसदी की बढ़ोत्तरी की घोषणा की। इसके साथ ही भारत का रक्षा बजट एक लाख करोड़ के आंकड़े को पार कर गया।

वित्त मंत्री ने कहा कि 2008-09 के रक्षा बजट के लिए वह 105600 करोड़ रुपये का प्रावधान कर रहे हैं जो पिछले साल 96 हजार करोड़ रुपये था। उल्लेखनीय है कि सेना, नौसेना और वायु सेना के पास सैन्य साजो-सामान की खरीदारी की लंबी फेहरिस्त है। सेना को 8000 करोड़ रुपये की लागत से टैंक 12000 करोड़ रुपये की लागत से तोपें और करीब एक अरब डालर की लागत से हेलीकाप्टर खरीदने हैं।

इससे पहले वर्ष यानी 2006-07 का रक्षा बजट 89 हजार करोड़ रुपये था जिसमें से तीन हजार करोड़ रुपये की राशि रक्षा मंत्रालय खर्च नहीं कर पाया था। पिछले साल के बजट पूंजीगत खर्चो यानी नए सैन्य साजो-सामान की खरीदारी के लिए 49 हजार करोड़ रुपये रखे गए थे, जिसमें से रक्षा मंत्रालय करीब 70 प्रतिशत राशि नवंबर 2007 तक खर्च नहीं कर सका था। इसके बाद मंत्रालय ने एक के बाद एक ताबड़तोड़ बडे़ रक्षा सौदों को अंतिम रूप दिया।

आने वाले पांच वर्षो में भारत 30 अरब डालर यानी एक लाख बीस हजार करोड़ रुपये से अधिक के सैन्य उपकरणों की खरीदारी करने जा रहा है और 300 सौ करोड़ रुपए से अधिक के किसी भी सौदे में कुल रकम का तीस प्रतिशत निवेश भारतीय रक्षा कंपनियों में करने की शर्त जोड़ी जा चुकी है। इस तरह आने वाले आधे दशक में भारतीय कंपनियों को करीब चालीस हजार करोड़ रुपये का विदेशी निवेश मिलेगा।

पाकिस्तान और चीन अपने सकल घरेलू उत्पाद का करीब पांच प्रतिशत रक्षा क्षेत्र पर लगा रहे हैं, जबकि भारत का रक्षा बजट सकल घरेलू उत्पाद का ढाई प्रतिशत से कम ही रहा है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: