जयपुर.
कांग्रेस की चार मार्च को जयपुर में होने वाली रैली की तैयारियां जोरों पर हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी की कल्पना ‘नई सदी में नए भारत के निर्माण’ का पहला प्रयोग राजस्थान में किया जाएगा। शनिवार को जोशी ने पत्रकारों से कहा कि भाजपा को प्रदेश की जनता से झूठे वादे करने के कारण अगले चुनावों में नुकसान उठाना पड़ेगा।
भाजपा ने किसानों के लिए 250 करोड़ रुपए का कोष बनाने का वादा आज तक पूरा नहीं किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के बजट पर डूंगरपुर व मेड़तासिटी उपचुनाव की हार की छाया है। बजट में मुंगेरीलाल के सपनों की तरह कई ऐसी घोषणाएं की गई हैं जो इस सरकार के कार्यकाल में पूरी होनी ही नहीं हैं।
18 लाख किसानों को लाभ
जोशी ने कहा कि केंद्रीय बजट में किसानों के कर्ज माफ करने की घोषणा से प्रदेश के 18 लाख से ज्यादा किसानों को लाभ मिलने की संभावना है। उन्होंने पाले व शीतलहर को सीआरएफ मापदंडों में शामिल करने की मांग का समर्थन किया।
संसदीय प्रणाली का उल्लंघन
जोशी ने आरोप लगाया कि जिलों के प्रभारी मंत्री के नाम पर ऐसे लोगों को सरकारी कामकाज में दखल का अधिकार दिया गया है जिन्होंने संवैधानिक शपथ ही नहीं ली। उन्होंने दो लोगों के नाम लेकर कहा कि ये संसदीय प्रणाली का खुला उल्लंघन कर रहे हैं।
रैली ऐतिहासिक होगी
जोशी ने कहा कि 4 मार्च को विधानसभा घेराव-प्रदर्शन के दौरान अमरूदों का बाग में होने वाली रैली ऐतिहासिक होगी। इसमें राज्य सरकार की विफलताओं, भ्रष्टाचार, जमीनों की खरीद-फरोख्त, कानून-व्यवस्था, बिजली व किसानों की समस्या आदि मसले उठाए जाएंगे। इस मौके पर कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष परसराम मोरदिया व प्रदेश उपाध्यक्ष डा. चंद्रभान आदि भी मौजूद थे।
युवक कांग्रेस ने कमर कसी
रैली के लिए युवक कांग्रेस भी सक्रिय हो गई है। शनिवार को प्रदेश युवक कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष नीरज डांगी की अध्यक्षता में हुई बैठक में फैसला किया कि प्रदर्शन के दौरान युवक कांग्रेस राज्य में बढ़ती बेरोजगारी व सरकारी राशि के दुरुपयोग के मुद्दे पर अपना विरोध दर्ज कराएगी।