HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

गणित का पेपर आउट!

अजमेर. आठवीं बोर्ड परीक्षा के गणित विषय के प्रश्न पत्र कुछ शिक्षकों ने इम्तिहान से पहले ही कथित रूप से विद्यार्थियों को मुहैया करा दिए। मसूदा डायट में प्रश्न पत्र के चार सेट तैयार किए गए, जिनमें से एक से परीक्षा ली जानी है। शनिवार शाम मामला सामने आने के साथ शिक्षा अधिकारियों में हड़कंप मच गया। परीक्षा तीन मार्च को शुरू होगी, गणित का पेपर सात को होना है।

कुछ शिक्षकों ने ‘भास्कर’ को बताया कि 18 जनवरी को डायट में तैयार किए गए गणित के चार सेटों में से सभी कई स्कूल में हल करवाए जा रहे हैं। इनमें से एक पेपर परीक्षा के लिए छपवाया गया है। खराब परीक्षा परिणाम के दाग से बचने के लिए कुछ शिक्षकों ने परीक्षा से पहले ही विद्यार्थियों को प्रश्न पत्र मुहैया कराए हैं। इधर, डायट ने गड़बड़ी की पुष्टि नहीं की है, लेकिन अधिकारी देर रात तक यह पता लगाने में जुटे थे कि किन स्कूलों में प्रश्न पत्र पहुंचे हैं। मालूम हो कि आठवीं बोर्ड परीक्षा में 32 हजार 714 विद्यार्थी बैठेंगे।

इन इलाकों में पहुंचे पेपर

मामला उजागर करने वाले शिक्षकों के मुताबिक कुछ इलाके के सीनियर, सेकंडरी और मिडिल स्कूल में विद्यार्थियों से गणित के प्रश्न-पत्र हल करवाए गए हैं।

छह फर्म अधिकृत

राजस्थान में आठवीं बोर्ड परीक्षा के पेपर छापने के लिए सात फर्म अधिकृत हैं। इसमें से दो जयपुर, चार अलवर और एक फर्म अजमेर में है।

गिर गए थे पेपर: दो साल पहले किशनगढ़ में एक शिक्षक ने आठवीं बोर्ड परीक्षा के पेपर गिरा दिए थे। जिससे महकमे को तत्काल दूसरे पेपर छपवाने पड़े थे। शिक्षक को निलंबित कर दिया गया था।

सच्चई पता लगाई जा रही है। अनुभवी और विश्वसनीय शिक्षकों को पेपर सेट करने का जिम्मा सौंपा जाता है। जो पेपर स्कूल में हल करवाए गए हैं, उनका मिलान किया जाएगा। डीइओ एवं डायट प्राचार्य से भी जवाब मांगा जाएगा।
-सुभाष मिश्र,उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा

गोपनीयता भंग होना गंभीर मामला है। डीइओ और डीडी से जानकारी लेकर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। शिक्षक दोषी पाए गए तो उन्हें भी नहीं बख्शा जाएगा।
-वासुदेव देवनानी, शिक्षा राज्यमंत्री

गोपनीयता के लिए शिक्षकों से शपथ पत्र तक लिए जाते हैं। फिर भी गोपनीयता भंग होती है तो शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
-शांतिलाल जैन, डीइओ प्रारंभिक शिक्षा





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: