परबतसर/ हरनावां.
परबतसर उपखण्ड क्षेत्र के ग्राम भादवा की सरहद में स्थित नवोड़ा बेरा की ढाणी में शनिवार सुबह कुएं को गहरा करते ढही मिट्टी में दबने से तीन जनों की मौत हो गई। दिनभर की मशक्कत के बाद शनिवार को रात 12.30 बजे तीनों के शव निकाल लिए गए।
जानकारी के अनुसार नवोड़ा बेरा की ढाणी में सुखदेवराम सारण के कुएं पर शनिवार को सुबह 11.30 बजे कुएं को गहरा करते समय एक ओर की मिट्टी ढहने से कुएं में करीब 175 फीट नीचे काम कर रहे भादवा निवासी देदाराम (52), पीताराम (30) और अमराराम (32) मिट्टी के नीचे दब गए। हादसे के वक्त कुएं में बोरिंग भी की जा रही थी।
अचानक रेत उड़ते बाहर देखने पर कुएं के बाहर काम कर रहे अजरुनराम ने अन्दर देखा तो तीनों लोग मिट्टी में दब चुके थे। अजरुनराम के चिल्लाने पर आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए। कुआं करीब 175 फीट गहरा व एक मीटर चौड़ा तथा बिल्कुल सूखा है। नीचे करीब 20 फीट बोरिंग भी किया हुआ है।
पहुंचे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम लक्ष्मीचन्द गुप्ता, पुलिस उपअधीक्षक नरेन्द्रसिंह, तहसीलदार जगदीशप्रसाद गौड़ व थानाधिकारी भोजराजसिंह मौके पर पंहुचे। जबकि पुलिस अधीक्षक उमेशचंद्र दत्ता सायं करीब 4.30 बजे तथा जिला कलक्टर गायत्री राठौड़ 5 बजकर 20 मिनट पर मौके पर पंहुचीं। जिला कलक्टर गायत्री राठौड़ के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक दत्ता ने सेना के उच्चधिकारियों को सूचित कर मदद मांगी। देर रात अजमेर से सेना के जवान मौके पर पहुंचे।