बीकानेर.
नहरी क्षेत्र के किसानों की पिटी हुई बारियों का पानी दिलाने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पर कांग्रेस की ओर से दिया गया धरना बेनतीजा रहा। इंदिरा गांधी नहर परियोजना की आरडी 860 से 961 व चारणवाला ब्रांच के किसानों को हिस्से का पानी नहीं मिलने की वजह से 961 हैड पर चल रहे आमरण अनशन के समर्थन में जिला कांग्रेस ने यह धरना दिया जिसे जिले के जनप्रतिनिधियों व नेताओं ने संबोधित किया।
कांग्रेसी नेताओं की ओर से दिया गया मांग-पत्र प्रशासनिक अधिकारियों ने सिरे से खारिज कर दिया। वार्ता विफल होने के बाद कांग्रेसी नेताओं ने किसानों के लिए लगातार संघर्ष करने का एलान किया। विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता हेमाराम चौधरी ने इस मौके पर कहा कि सरकार की संवेदनहीनता का जवाब पूरी तरह से दिया जाएगा। विधानसभा में नहरी क्षेत्र के किसानों के हक की मांग को कांग्रेस सबसे पहले उठाएगी।
उन्होंने चार मार्च को किसानों को जयपुर आने का न्यौता देते हुए कहा कि नहर की जो बारियां पिटी हुई हैं, उन्हें दिलाने के लिए कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी और पूरी रणनीति के साथ आंदोलन चलाएगी। कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ.बी.डी.कल्ला ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में वर्ष 2002 में पोंगडेम का जलस्तर 1260 फीट होने पर भी किसानों को पानी दिलवाया और रबी की फसल पकाई। आज पोंग डेम का जलस्तर 1301 है तो सरकार के सामने क्या दिक्कत है।
कल्ला ने कहा कि हमें अपना हक लेना आता है और यह देकर सरकार कोई एहसान नहीं करेगी। हमारा आंदोलन जारी रहेगा। जिला प्रमुख रामेश्वर डूडी ने वार्ता के बेनतीजा रहने की वजह सरकार में इच्छाशक्ति की कमी बताते हुए कहा कि किसानों को जवाब देना आता है।
किसान चुप नहीं बैठेगा और भाजपा को सबक सिखाकर ही रहेगा। हम साढ़े आठ रोजा बारी का पानी लेकर ही रहेंगे। इससे पहले धरने को संबोधित करते हुए लूणकरणसर विधायक वीरेंद्र बेनीवाल ने कहा कि किसान के लिए कांग्रेस हमेशा संघर्ष करती रही है और इस बार भी पूरा पानी दिलाकर ही दम लेगी। श्रीडूंगरगढ़ विधायक मंगलाराम ने कहा कि यह सरकार बिजली और पानी नहीं देकर किसानों के हौसले को तोड़ना चाहती है।
पूर्व सांसद जमुना बारुपाल ने इस मौके पर कहा कि जो सरकार किसानों को हक का पानी नहीं दे रही है वह नहीं जानती कि इन किसानों ने देश को अपना कितना योगदान दिया है। हुक्माराम बिश्नोई ने कहा कि जब सारे अधिकारी इस बात को मान रहे हैं कि नहर में बारी पिटी है तो किसानों को पूरा पानी देने में कोताही क्यों बरती जा रही है। युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष भंवरसिंह भाटी ने कहा कि साढ़े तीन रोजा बारी पानी से किसानों को फायदा नहीं होगा।
जब तक साढ़े आठ रोजा बारी पानी नहीं मिलेगा किसानों के लिए संघर्ष जारी रहेगा। खादी बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष भवानीशंकर शर्मा, पूर्व विधायक रेवंतराम पंवार, सभापति मकसूद अहमद, पूर्व प्रधान भोमराज आर्य, देहात अध्यक्ष लक्ष्मण कड़वासरा, महामंत्री श्याम तंवर, सलीम भाटी सहित कई नेताओं ने धरने को संबोधित किया। धरने का संचालन हनुमान चौधरी ने किया।