News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. मुख्यमंत्री डा. रमन ंिसंह ने बताया कि एनटीपीसी, सीपत में 500 मेगावाट की पहली इकाई से विद्युत उत्पादन के लिए शासन ने पानी देने के लिए सहमति दे दी है। विद्युत उत्पादन के बाद एनटीपीसी प्रदेश को 130 मेगावाट बिजली देगा, लेकिन इसका हमने विरोध किया है। सीपत में एनटीपीसी के एक कार्यक्रम में गत वर्ष केंद्रीय उर्जा मंत्री सुशील कुमार शिंदे से उन्होंने 300 मेगावाट बिजली की मांग की थी। इस बातचीत में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सांसद करुणा शुक्ला भी उनके साथ थीं।
मुख्यमंत्री शनिवार को शाम पथरिया तहसील में सिंचाई योजनाओं के शिलान्यास एवं लोकार्पण समारोह के बाद संवाददाताओं से चर्चा कर रहे थे। एनटीपीसी के विस्थापितों के आंदोलन के दौरान शासन द्वारा नौकरी व पुनर्वास के बगैर प्लांट को पानी न देने के शासन के एलान के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि प्रबंधन से 692 लोगों को नौकरी देने की बात तय हुई है।
इनमें से 50 लोगों को पहले फेज में नौकरी दी जाएगी, बाद में आईटीआई प्रशिक्षण के बाद बाकी लोगों को क्रमश: नौकरियां दी जाएंगी। डा. सिंह ने कहा कि एनटीपीसी का मसला रोजगार व विद्युत उत्पादन जैसे महत्वपूर्ण विषय से जुड़ा है। इतनी बड़ी कंपनी को विद्युत उत्पादन से अधिक दिन तक रोका नहीं जा सकता। इसके बावजूद हम अपना हक लेकर रहेंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि विधानसभा के मौजूदा सत्र की समाप्ति के बाद सार्वजनिक वितरण प्रणाली की मानिटरिंग की जाएगी।
ग्राम सुराज फिर शुरू करने के बारे में उन्होंने कहा कि गांव-गांव घूमकर जनता की समस्याएं जानने तथा हल करने का सिलसिला महीने भर बाद तेज होगा। श्री सिंह ने कहा कि गर्भवती माताओं को गर्म खाना देने की योजना पर शीघ्र कार्य प्रारंभ होगा। इसके लिए 200 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। यह एक बहुत बड़ा काम है, जिसका सीधा लाभ जच्चे और बच्चे को मिलेगा।
किसानों को केंद्रीय बजट में 60 हजार करोड़ की कर्ज माफी के बारे में उन्होंने टिप्पणी की कि छत्तीसगढ़ के हिस्से में इसमें से बमुश्किल 250 करोड़ रुपए आएगा। प्रदेश में किसानों के हित में सिंचाई साधनों के विस्तार तथा प्रति वर्ष एक लाख पंप कनेक्शन व स्प्रिंकलर में छूट देने के कारण छत्तीसगढ़ में ग्रोथ रेट 7 फीसदी हो गया है। दसवीं पंचवर्षीय योजना में देश भर में ग्रोथ रेट 2.3 फीसदी था। इस हिसाब से प्रदेश ने कृषिकीय क्षेत्र में आशातीत सफलता प्राप्त की है।