HomeNewsPunjabJalandhar Jalandhar

6 नकलची पकड़े, सुपरवाइजर सस्पैंड

जालंधर पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की शनिवार से शुरू हुईं आठवीं की परीक्षाएं जहां हंगामेदार रहीं, वहीं 12वीं की परीक्षा शांतिपूर्ण हुई। जिले में बनाए गए कुल 11 फ्लाइंग स्क्वॉयड ने लगभग 40 परीक्षा केंद्रों में चैकिंग की। इसमे विभिन्न केंद्रों से कुल 6 नकलची पकड़े गए, जबकि नकल करवाने के आरोप में एक सुपरवाइजर को बर्खास्त कर दिया गया है।

कुछ सैंटरों में चुपके-चुपके नकल चलने की चर्चा दिनभर होती रही, मगर फ्लाइंग स्क्वॉयड को सुबूत न मिलने पर इन केद्रों में कार्रवाई नहीं हुई। डीईओ ने कुछ केंद्रों को चेतावनी जरूर दी है। शनिवार को आठवीं की अंग्रेजी व 12वीं की एन्वायर्नमैंटल स्टडी की परीक्षा हुई। नकल रोकने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी हरिंदर सिंह साहनी ने आठवीं के 266 तथा 12वीं के 269 परीक्षा केंद्रों में करीब 1500 अध्यापकों की ड्यूटियां लगाई हैं, जिनमें 11 फ्लाइंग स्कवॉयड गठित किए गए हैं।

परीक्षा केंद्रों में कार्रवाई करने वालों में डीईओ हरिंदर साहनी, राजकुमारी माही व प्रिंसीपल रूप लाल रूप शामिल हैं। डीईओ ने गांव उमरपुर कलां, पासला सहित 5 सरकारी स्कूल के परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। इनमें से गांव रुड़का कलां के सरकारी स्कूल मे डीईओ साहनी ने 2 नकल के केस पकड़े। इसी सैंटर से डीईओ ने लापरवाही के आरोप में सैंटर सुपरवाइजर प्रदीप कुमार को बर्खास्त कर दिया।

उन्होंने गोराया स्कूल में भी चैकिंग की। कार्रवाई वाले दूसरे सैंटर की चैकिंग प्रिंसीपल राजकुमारी माही ने की। उन्होंने सरकारी मिडिल स्कूल मलसीयां में तीन नकलची पकड़े। उन्होंने टैगोर मॉडल स्कूल व आर्य स्कूल नकोदर में भी चैकिंग की। अन्य कार्रवाई प्रिंसीपल रूप लाल रूप ने की। उन्होंने गांव लसाणा के सरकारी स्कूल से नकल का एक केस पकड़ा।

यहां सब शांत रहा

अन्य स्क्वॉयड में प्रिंसीपल जीएस समरा ने भोगपुर, ढल्ला, लड़ोआ, लुबाणा में, मीनाक्षी भारद्वाज ने नेहरू गार्डन स्कूल, भार्गव कैंप में, प्रिंसीपल अमरजीत कौर ने लद्देवाली, सुमन-डे बोर्डिग स्कूल, जंडूसिंहां, शेखे नंगल में चैकिंग की। इन सब केंद्रों में शांति रही। उधर, 12वीं के एन्वायर्नमैंटल स्टडी के ईवनिंग एग्जाम में भी शांति रही। डीईओ हरिंदर साहनी ने कहा भविष्य में भी सख्ती बरती जाएगी तथा फ्लाइंग स्क्वॉयड को मौके पर कार्रवाई के पूरे अधिकार हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: