अमृतसर.सीबीएसई एग्जाम्स की शुरुआत शनिवार को प्लस टू के कैमेस्ट्री के पेपर से हुई। पेपर ज्यादा कठिन नहीं था और एग्जामिनेशन हॉल से बाहर निकलते हुए स्टूडेंट्स के चेहरे खिले हुए थे।
स्टूडेंट्स को आपस में यह बात करते देखा गया कि पेपर अच्छा हुआ। डीएवी पब्लिक स्कूल के विकास सरीन ने कहा कि एग्जाम को लेकर उनमें कुछ कुछ डर तो था, लेकिन प्रश्न पत्र देख कर सारा डर निकल गया। पेपर को आसान नहीं कह सकते, लेकिन पेपर आउट ऑफ बुक भी नहीं था। उनके फ्रैंड्स का एग्जाम भी अच्छा हुआ है। एग्जाम देकर अच्छा लगा।
डीएवी पब्लिक स्कूल के स्टूडेंट आशीष ने कहा कि कैमेस्ट्री का एग्जाम अच्छा हुआ है। लगभग 90 फीसदी प्रश्न पत्र बुक में से ही था। पहले एग्जाम का डर तो था, लेकिन ओपनिंग अच्छी रही। भवन्स एसएल पब्लिक स्कूल के स्टूडेंट सौरभ शर्मा ने कहा कि एग्जाम बैलेंस्ड था, न मुश्किल, न ही आसान। पेपर में परफैक्ट बैलेंस था।
भवन्ज एसएल पब्लिक स्कूल की पूजा भारद्वाज ने कहा कि पेपर में कुछ भी बहुत मुश्किल नहीं था। पेपर करने में मजा आया। 15 फीसदी प्रश्न मुश्किल थे, लेकिन पेपर पैटर्न के अनुसार ही था, इसलिए पेपर करने में कुछ खास दिक्कत नहीं आई। वह यही चाहती हैं कि आगे भी सभी एग्जाम ऐसे ही आएं।
डीएवी पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल नीरा शर्मा ने कहा कि प्लस टू का पहला एग्जाम अच्छा हुआ है। उनके स्कूल में श्री गुरु हरिकृष्ण जीटी रोड और सुल्तानविंड रोड, पायनियर स्कूल आदि के स्टूडेंट्स का सेंटर बना है। स्टूडेंट्स जब एग्जाम देकर बाहर आए तो उनके चेहरे पर खुशी थी। भवन्स एसएल पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल अनीता भल्ला ने कहा कि 12वीं का पहला पेपर अच्छा रहा। जिस पैटर्न से स्टूडेंट्स को पढ़ाया गया था उसी पैटर्न से पेपर आया था। सीबीएसई ने पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष पेपर पैटर्न कुछ बदलाव लाए थे, लेकिन बच्चों ने इस पैटर्न को करते हुए एंजॉय किया।