अमृतसर. ‘जिस परिवार में एक बेटी शिक्षित हो जाती है, वह सारा परिवार शिक्षित हो जाता है।’ यह बात शनिवार को सांसद डा. रतन सिंह अजनाला ने सरूपरानी गवर्नमेंट कालेज फार वुमन में 36वीं कॉन्वोकेशन के दौरान कही। डा. अजनाला कार्यक्रम में मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम में डा. अजनाला ने एमए, बीए, बीकॉम, बीएससी, बीए ऑनर्स की 550 छात्राओं को डिग्रियां प्रदान कीं।
उन्होंने कहा कि स्त्री का शिक्षित होना बहुत जरूरी है, शिक्षित नारी देश का सर्वागीण विकास कर सकती है। उन्होंने कहा कि आज लड़कियां हर क्षेत्र में लड़कों से कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं, जो हमारे लिए शुभ संकेत हैं। उन्होंने कहा कि इस बार के बजट में केंद्र सरकार ने महिला उत्थान और उनकी शिक्षा का विशेष ध्यान रखा है। उन्होंने कहा कि इस समय छात्राओं को माडर्न एजूकेशन (कंप्यूटर के साथ रिलेटेड) पर ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने कालेज मैनेजमेंट को कहा कि अगर कालेज में किसी प्रकार की कमी है, तो वह उसका एस्टीमेट बनाकर उसका खर्चा बताएं, उनकी तरफ से कालेज को सुविधाएं दी जाएंगी।
इस अवसर पर कालेज की प्रिंसिपल जसमीत नैय्यर ने कालेज की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। इसके अलावा उन्होंने कालेज की उपलब्धियों के बारे में बताया। इस मौके पर तरनतारन के गवर्नमेंट कालेज के प्रिंसिपल महिंदर कौर गांधी भी मौजूद थे।