इंदौर. बंगाली चौराहे के पास मनभावननगर में शनिवार अलसुबह भवन निर्माण ठेकेदार की बेडरूम में ही हत्या कर दी गई। हमलावरों के बेडरूम तक पहुंचने और वारदात को अंजाम देने की अलग-अलग कहानियां सामने आने से मामला संदेहास्पद हो गया है।
केरल के मूल निवासी सैम पिता पीपी मैथ्यू (42) फ्लैट-201, आराधना अपार्टमेंट, मनभावननगर में रहते थे। वे इंजीनियर-आर्किटेक्ट होने के साथ ठेकेदारी भी करते थे। उनकी पत्नी साजी उर्फ रैनी मैथ्यू ने बताया शुक्रवार रात से उल्टी-दस्त होने से सैम की तबीयत खराब थी इसलिए रातभर ठीक से सो नहीं पाए। इस बीच सुबह 5.30 बजे के आसपास अचानक बेडरूम में घुसे दो लोगों ने साजी और 5 वर्षीय बेटी केसिया को बलपूर्वक बाहर निकालकर नशीली दवा सुंघा दी।
पंद्रह मिनट की बेसुधी के बाद उनकी आंख खुली तो देखा घर का मुख्य दरवाजा खुला था और सैम कमरे में लहूलुहान पड़े थे। उनके सिर में गहरी चोट थी। घबराई साजी शोर मचाते हुए नीचे के फ्लैटों में गई और पड़ोसियों को बताया। तब फ्लैट-101 निवासी सुशील जार्ज ने पुलिस कंट्रोल रूम सूचना दी और सैम को मयूर हॉस्पिटल ले गए जहां डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। बाद में एडीशनल एसपी महेशचंद जैन, सीएसपी इरमिन शाह, टीआई अशोक राणा व टीआई निशा रेड्डी एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
कभी किसी से विवाद नहीं हुआ
सैम के मित्र संजीवसिंह ने बताया वह 1985 में केरल से इंदौर आया था। यहां उसके एकमात्र रिश्तेदार मामा एएस जोन हैं, जो वैभवनगर में रहते हैं। सैम ने मेहनत के साथ सफलता हासिल की और एक-एक रुपया जोड़कर मुकाम हासिल किया। 12 साल पहले बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन व्यवसाय में आया था। पार्टनर विरल वडनेरे ने बताया सैम का कभी किसी से विवाद नहीं हुआ।
केरल में होगा अंतिम संस्कार
परिजन ने बताया सैम का शव सीएचएल अपोलो हॉस्पिटल में रखा है। रविवार शाम 4 से 5 बजे तक व्हाइट चर्च में दर्शनार्थ रखेंगे और सोमवार सुबह फ्लाइट से सैम के पैतृक घर पनमतोट्टत्तिल (रानी) जिला पथानमथिट्टा, केरल ले जाएंगे। अंतिम संस्कार वहीं होगा।