इंदौर. सरकार आम और रेल बजट पेश करके मन में फूले नहीं समा रही है जबकि रोटी, दाल और तेल आम जनता को मिलना मुश्किल होते जा रहे हैं। बजट की कई घोषणाओं का असर दिखाई देने लगा है। दालों पर कोई सब्सिडी न मिलने से एक बार फिर मल्टीनेशनल कंपनियां की भरपूर खरीदी निकल गई जिससे दलहन के दामों ने तेजी की तरफ रुख कर लिया है।
सोना 12,570 रुपए पर
अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मिल रहे तेजी के संकेतों के बाद निवेशक बेहतर विकल्प के तौर पर सोने-चांदी में निवेश कर रहे हैं, जिसके चलते शनिवार को इंदौर में सोने के भाव उछलकर 12,570 रुपए प्रति दस ग्राम के रिकार्ड स्तर पर पहुंच गए। अमेरिकी बाजारों में सोने के नई ऊंचाई पर पहुंचने की खबरों के बाद शादी-ब्याह की खरीदी निकलने से मुंबई सराफा में सोना 50 रुपए उछलकर 12,600 रुपए प्रति दस ग्राम के शिखर पर पहुंच गया।