HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

केंद्राध्यक्ष समेत 15 पर्यवेक्षक निलंबित

सागर. बोर्ड परीक्षाओं के पहले ही दिन जिले में सामूहिक नकल के मामले सामने आ गए। एक केंद्राध्यक्ष समेत 15 पर्यवेक्षकों को निलंबित कर दिया गया, जबकि एक अन्य केंद्राध्यक्ष को नोटिस दिया गया है। जिले में विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पहले दिन 11 नकलची पकड़े गए। एक छात्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई और 198 छात्रों का सामूहिक नकल प्रकरण बनाया गया है।

कलेक्टर एचएल त्रिवेदी ने शनिवार को ढाना बालक हायर सेकंडरी स्कूल का निरीक्षण किया। सुबह 9.25 बजे कलेक्टर जैसे ही केंद्र पर पहुंचे तो उन्हें देखते ही परीक्षार्थियों ने जेब में रखी नकल सामग्री कमरे में फेंक दी। एक छात्र अरविंद सिंह को नकल करते रंगे हाथ पकड़ा गया। उसके खिलाफ ढाना पुलिस चौकी में एफआईआर दर्ज कराई गई है। बाकी 198 छात्रों के खिलाफ सामूहिक नकल का प्रकरण बनाया गया है। इस केंद्र पर 199 छात्र परीक्षा दे रहे हैं। कलेक्टर ने केंद्राध्यक्ष एमसी कोरी समेत केंद्र पर ड्यूटी कर रहे सभी12 पर्यवेक्षकों को निलंबित कर दिया। चार और पर्यवेक्षक निलंबित, आधी बोरी नकल सामग्री मिली: सुरखी केंद्र के चार पर्यवेक्षकों को परीक्षा में नकल न रोक पाने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। इस केंद्र का निरीक्षण परीक्षा प्रभारी डा. महेंद्र प्रताप तिवारी द्वारा किया गया।

उन्होंने यहां के सात और गौरझामर केंद्र के एक परीक्षार्थी के खिलाफ नकल प्रकरण बनाया। सुरखी केंद्र से आधा बोरी नकल सामग्री बरामद की गई है। कलेक्टर ने चार पर्यवेक्षक को निलंबित करने के अलावा केंद्राध्यक्ष टीके दुबे को कारण बताओ नोटिस दिया है।

मोबाइल से नकल : गौरझामर के बालक हायर सेकंडरी स्कूल के परीक्षा केंद्र में एक परीक्षार्थी मोबाइल से नकल करते हुए पकड़ा गया। छात्र के खिलाफ नकल प्रकरण बनाकर मोबाइल जब्त किया गया है।

कितने नकलची : जिले में शनिवार को कुल 11 छात्रों को नकल करते पकड़ा गया। सुरखी में सर्वाधिक 7, गौरझामर, बरा, शाहगढ़ और ढाना में एक-एक नकलची पकड़ा गया। इसके अलावा ढाना में 198 छात्रों का सामूहिक नकल प्रकरण बनाया गया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: