bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

डेयरी छात्र चयन के बाद अपात्र!

रायपुर. कृषि विस्तार अधिकारी के लिए चयनित 9 छात्रों को इस आधार पर अपात्र घोषित कर दिया गया कि बीटेक डेयरी टेक्नालाजी कोर्स को ग्रेजुएट नहीं माना जाता। चयन की सारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बाहर होने से छात्र भौंचक हैं। वे मंत्री और अधिकारियों के छह महीने से चक्कर काट रहे हैं।

कृषि संचालनालय ने कृषि विस्तार अधिकारियों के 1024 पदों के लिए विज्ञापन निकाला था। इसके लिए योग्यता कृषि स्नातक मांगी गई थी। बीटेक डेयरी टेक्नालाजी पास भूपेश द्वारखड़े, पूनम पूजा टोप्पो, संदीप साहू, राजेश जैना, गोल्डी कश्यप, नीलेश वर्मा, डेकेश्वर प्रसाद, महेश चंद्राकर और महेंद्र भारद्वाज ने भी इसके लिए आवेदन दिए थे। व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने 23 दिसंबर को परीक्षा ली। नतीजे जारी होने पर 962 परीक्षार्थियों सहित ये सभी डेयरी छात्र भी पास हो गए।

प्रमाणपत्रों के सत्यापन के बाद इंटरव्यू में भी इनका चयन हो गया। छात्रों ने बताया कि अब उन्हें नियुक्ति देने की बजाए चक्कर लगवाए जा रहे हैं। वे विभागीय मंत्री मेघाराम साहू, कृषि संचालक पीआर कृदत्त सहित कई अधिकारियों से मिलकर गुहार लगा चुके हैं। यदि वे ग्रेजुएट नहीं माने जाते तो उन्हें आवेदन ही क्यों करने दिया गया? फार्म की छंटनी उपसंचालक स्तर के अफसरों ने की, तब क्यों नहीं रोका गया?

भर्ती के लिए त्रुटिपूर्ण विज्ञापन क्यों निकाला गया? उन्होंने कहा कि 1983 से डेयरी कालेज की स्थापना के समय से यह कोर्स चल रहा है और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद ने इसे मान्यता दी है छात्रों ने कहा कि विज्ञापन के अनुसार उन्हें बाहर करने के बाद भी कृविअ के 40 खाली रह जाएंगे फिर उन्हें नौकरी क्यों नहीं दी जा रही?

कृषि संकाय के छात्र ही पात्र: संचालक

कृषि संचालक पीआर कृदत्त ने कहा कि कृषि विवि में कृषि संकाय और पशुपालन व डेयरी संकाय हैं। कृषि संकाय में बीएससी एग्रीकल्चर, बीएससी हार्टीकल्चर और बीएससी बायोटेक्नालाजी को स्नातक माना गया है। पशुपालन व डेयरी संकाय की बीटेक डेयरी टेक्नालाजी, एमटेक डेयरी टेक्नालाजी और एनीमल हसबेंड्री इसमें शामिल नहीं है। यह व्यापमं से पूछा जाना चाहिए कि परीक्षा में शामिल होने बीए और बीटेक डेयरी टेक्नालाजी कोर्स वालों को क्यों अनुमति दी गई?





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: