News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. सोमवार को कक्षा बारहवीं की गणित परीक्षा के दौरान उड़नदस्ता टीम को नकल पकड़ने में कोई सफलता नहीं मिली। बताया जाता है कि गणित विषय के परीक्षार्थियों की संख्या काफी कम होने के कारण ऐसी स्थिति आई है। कुछ परीक्षा केंद्रों में ताले लटकने की भी जानकारी मिली है।
बारहवीं कक्षा की गणित की परीक्षा में नकल पकड़ने की खासी तैयारी कर जिले की 10 उड़नदस्ता टीम अपने-अपने निर्धारित मार्ग पर परीक्षा केंद्रों में नकल की जांच की। जिले की टीम ने करीब 58 परीक्षा केंद्रों में छापामार कार्रवाई की, लेकिन नकल का एक भी प्रकरण पकड़ने में सफलता नहीं मिली।
उड़नदस्ते की असफलता पर शिक्षा विभाग का कहना है कि बारहवीं कक्षा में गणित विषय के परीक्षार्थियों की संख्या काफी कम है, जिससे परीक्षा केंद्रों में माहौल काफी शांत था। बताया जाता है कि परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों की संख्या कहीं दस तो कहीं दो ही थी। स्थिति तो यहां तक भी थी कि कई परीक्षा केंद्रों में गणित के परीक्षार्थी नहीं होने के कारण ताले लटकते रहे।
डीपी विप्र व गुरुघासीदास कालेज में पकड़े गए तीन नकलची
बिलासपुर कालेज की मुख्य परीक्षा में नकल करने वाले तीन परीक्षार्थियों के खिलाफ सोमवार को गुरु घासीदास यूनिवर्सिटी के उड़नदस्ते ने प्रकरण बनाया। सुबह की पाली में आज बीएससी के परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे थे। इसी बीच उड़नदस्ते के सदस्यों ने डीपी विप्र कालेज में अचानक छापा मारा। इस दौरान एक परीक्षार्थी को नकल करते पक़ड़ा गया। इधर इसी उड़नदस्ते ने ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित कालेजों का छापा मारने के दौरान संत शिरोमणि गुरु घासीदास कालेज पचपेड़ी में दो परीक्षार्थियों के खिलाफ नकल का प्रकरण बनाया। उड़नदस्ते में यूनिवर्सिटी के इतिहास विभाग के विभागाध्यक्ष डा. प्रदीप शुक्ला, डा. केपी तिवारी, डा. अखिलेश तिवारी व डा. संजय तिवारी शामिल थे। कालेजों में परीक्षा अभी दो़ महीने और चलेगी, इस दौरान उड़नदस्ते द्वारा नकलची परीक्षार्थियों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।