अजमेर.
अजमेर मंडल के चंडावल स्टेशन पर मालगाड़ी के वैगन पटरी से उतरने के कारण यात्री ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन करने से सैकड़ों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मारवाड़, आबू रोड और अहमदाबाद की ओर जाने वाले यात्रियों को अजमेर स्टेशन पर उतरकर मुसीबत झेलनी पड़ी। यात्रियों ने सड़क मार्ग से गंतव्य के लिए यात्रा की और अव्यवस्था पर रेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
जयपुर-बांद्रा अरावली एक्सप्रेस ट्रेन जैसे ही अजमेर स्टेशन पहुंची तो यात्रियों को पता मालगाड़ी के वैगन पटरी से उतरने के कारण कि ट्रेन मारवाड़, आबू रोड और अहमदाबाद नहीं जाएगी। यात्रियों ने स्टेशन अधीक्षक दफ्तर पहुंचकर वैकल्पिक ट्रेन के बारे में पूछताछ की तो स्टेशन अधीक्षक ने ट्रेन की व्यवस्था नहीं होना बताया।
इससे यात्री नाराज हो गए और स्टेशन प्रशासन के खिलाफ रोष जाहिर करने लगे। यात्रियों की नाराजगी के बाद स्टेशन प्रशासन ने रिफंड के लिए काउंटर खोलकर किराया वापस देना शुरू किया। रिफंड काउंटर पर अरावली एक्सप्रेस से उतरे यात्रियों के अतिरिक्त अजमेर - रतलाम एक्सप्रेस और अजमेर-जोधपुर एक्सप्रेस ट्रेन के यात्रियों की संख्या भी बहुत थी। रिफंड के महिला और पुरुष काउंटर पर लंबी कतार लगी रही।
रिफंड का सही इंतजाम नहीं
जयपुर से आ रहे हैं, मारवाड़ जाना है। अजमेर स्टेशन पर पता लगा कि हमें यहीं उतरना होगा। शाम को घर पर पारिवारिक समारोह है, ट्रेन का रूट बदलने के कारण हमें बस से जाना होगा, रिफंड के लिए सही व्यवस्था नहीं है इससे टिकट वापस कराने में टाइम लग रहा है। रेल प्रशासन को यात्रियों को बस से भेजने की व्यवस्था करनी चाहिए।
-रेखा
रेलवे की जिम्मेदारी
छोटी बच्ची साथ है, जयपुर से फालना के लिए सीधी ट्रेन होने के कारण अरावली एक्सप्रेस में बैठे थे, ऐसा पता होता तो बस से ही चले जाते। ऐसी स्थिति में रेल प्रशासन को यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था करनी चाहिए। अजमेर से फालना जाने वाली बस का इंतजार करना पड़ेगा। हमें बहुत परेशानी होगी।
-रेणु गुप्ता
घर कैसे पहुंचेंगे
आगरा से आ रहे हैं, जयपुर से अहमदाबाद के लिए ट्रेन में बैठे थे, अजमेर आकर पता लगा कि ट्रेन अहमदाबाद नहीं जाएगी। अब्बू टिकट वापस कराने की लाइन में लगे हैं, बहुत देर से नंबर नहीं आया है। अब अहमदाबाद कैसे जाएंगे पता नहीं है, अजमेर से प्राइवेट बसें रात में जाएगी रोडवेज भी शाम से पहले नहीं है। परिवार के दूसरे लोगों को चिंता हो रही है।
-जरीना
महिलाओं को परेशानी
अजमेर से आबू रोड के लिए बस भी नहीं मिली और रात तक ट्रेन मिलने की संभावना भी नहीं है। जयपुर से ट्रेन मिल गई थी, अब आबू रोड समय पर पहुंचना मुश्किल लग रहा है। घरवालों को बताया तो उन्हें चिंता हो रही है, रेल प्रशासन ने महिला यात्रियों के लिए कोई व्यवस्था भी नहीं की है।
-सुधी कुमारी