Business
Personal Finance Personal Finance मुंबई.देश के स्थानीय बाजारों में चीनी की कीमतों में भारी तेजी देखी जा रही है। कीमतों में बढ़त के लिए जबरदस्त घरेलू मांग और अंतर्राष्ट्रीय बाजार में चीनी की कीमतों में तेजी जिम्मेदार है।
स्थानीय बाजार में फिलहाल चीनी एस -30 की कीमत 14,100-14,400 रुपए प्रति टन है। सोमवार को समाप्त हुए पिछले सप्ताह के दौरान चीनी एस-30 की कीमत 13,750-14,000 रुपए प्रति टन थी।
कारोबारियों के अनुसार महीने की शुरुआत से ही चीनी की मांग बेहतर है। वहीं, अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर चीनी की कीमतों में तेजी ज्यादा कोटा आवंटन को कीमतों पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव को भी कम से कम कर रहा है।
गौरतलब है कि •केंद्रीय सरकार ने मार्च के लिए चीनी के फ्री सेल कोटा में 14 फीसदी की वृद्धि करते हुए इसे 16 लाख टन कर दिया है। फरवरी 2008 के लिए 14 लाख टन चीनी फ्री सेल कोटा के तहत आवंटित किया गया था।
सनद रहे कि सरकार प्रत्येक चीनी मिलों के लिए महीने की शुरुआत में फ्री सेल कोटे के तहत निश्चित अनुपात में चीनी आवंटित करने के सबंध में निर्देश प्रदान करती है।
देश की प्रमुख डीलरों के अनुसार आने वाले 5 से 6 दिनों तक चीनी की कीमतों में और तेजी आ सकती है। उसके बाद ये डीलर चीनी की कीमतों में करेक्शन की संभावना से इंकार नहीं कर रहे हैं।
इस बीच, बजट पूर्व जारी आर्थिक समीक्षा में सरकार ने एक अक्टूबर से शुरू हो रहे चीनी वर्ष के दौरान कुल 2 करोड़ 70 लाख टन चीनी उत्पादन का अनुमान लगाया है। पिछले वर्ष के दौरान कुल 2 करोड़ 80 लाख टन चीनी का उत्पादन किया गया था।
बाजार समीक्षक चीनी उत्पादन अनुमान में कमी के लिए गन्ने की पेराई सत्र की देर से हुई शुरुआत को भी जिम्मेदार मानते हैं।
बाजार समीक्षकों के अनुसार कीमतों में और तेजी की संभावना के मद्देनजर मिल मालिक फिलहाल चीनी के स्टाल को निकालने से बच रहे हैं।