HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

90 दिन में शुरू होगा सासन प्रोजेक्ट का काम

भोपाल.b एडीएजी समूह के चेयरमैन अनिल अंबानी ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को भरोसा दिलाया है कि यदि केंद्र और राज्य सरकार के पास लंबित सारी अनुमतियां मिल गई तो सासन अल्ट्रा पावर प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य 90 दिनों के भीतर शुरू कर दिया जाएगा और विद्युत उत्पादन चार से 50 से 60 माह में शुरू हो जाएगा। श्री अंबानी ने मंगलवार को श्री चौहान के निवास पर उनसे मुलाकात के दौरान यह भरोसा दिलाया। इस मौके पर श्री चौहान ने भोपाल में खुलने वाले धीरूभाई अंबानी इंस्टीटयूट ऑफ कम्यूनिकेशन टेक्नालॉजी के लिए 125 एकड़ और सतना जिले में सीमेंट कारखाने के लिए 1306 हेक्टेयर जमीन आवंटन के कागजात श्री अंबानी को सौंपे।

श्री अंबानी सासन प्रोजेक्ट की प्रगति पर चर्चा के लिए खासतौर पर भोपाल आए थे। मप्र में 50 हजार करोड़ निवेश करने वाले श्री अंबानी की यह पहली भोपाल यात्रा थी। वे विशेष विमान से सुबह सवा आठ बजे भोपाल पहुंचे और साढ़े ग्यारह बजे वापस मुंबई लौट गए। यहां उनकी अगवानी एडीएजी के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट शेखर सिंह और समूह के अन्य अधिकारियों ने की। विमानतल से वे सीधे मुख्यमंत्री निवास पहुंचे।

श्री चौहान ने मुख्यद्वार पर उनकी अगवानी की। मुख्यमंत्री उन्हें अपने साथ निवास के प्रथम तल पर स्वल्पाहार के लिए ले गए जहां लगभग 35 मिनट तक नाश्ते की टेबल पर दोनों के बीच निवेश प्रस्तावों समेत अन्य विषयों पर बातचीत हुई। इस मौके पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री जयंत मलैया भी थे। कुछ समय बाद खनिज साधन मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा भी नाश्ते की टेबल पर पहुंच गए।

संवाददाताओं से बातचीत के दौरान श्री अंबानी ने बताया कि लगभग चार हजार मेगावाट क्षमता और 20 हजार करोड़ की लागत वाला सासन अल्ट्रा मेगा पावर प्रोजेक्ट उनका सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है। यह पूछे जाने पर कि प्रोजेक्ट के पूरी तरह चालू होने के लिए समय सीमा क्या रखी गई है? उनका जवाब था कि 50 से 60 माह के भीतर काम शुरू हो जाएगा।

उन्होने बताया कि सासन में निर्माण कार्यो में 42 से 50 हजार लोगों को और प्रोजेक्ट शुरू होने पर 2000 लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने बताया कि पावर प्रोजेक्ट से निकलने वाले फ्लाई एश से सीमेंट बनाई जाएगी जिसके लिए वे चार प्लांट लगा रहे हैं। इस सवाल पर कि उनका कौन से पावर प्रोजेक्ट ने उत्पादन शुरू कर दिया है।

श्री अंबानी ने उम्मीद जताई कि उत्तरप्रदेश में रोसा पावर प्रोजेक्ट वर्ष 2009 तक शुरू हो जाएगा। गैस आधारित दादरी परियोजना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि गैस सप्लाई के लिए चर्चा चल रही है। उत्तरप्रदेश के मुकाबले निवेश के लिए मप्र के चयन का कारण पूछे जाने पर श्री अंबानी ने बताया कि देश के सारे राज्य समान है। वे उत्तरप्रदेश के अलावा आंध्रप्रदेश में भी निवेश कर रहे हैं।

शेयर बाजार में गिरावट का कारण पूछे जाने पर श्री अंबानी ने बताया कि इस गिरावट से विश्व के अन्य देश भी प्रभावित है। उन्होंने कहा कि वैश्विक मंदी के कारण भारत समेत विश्व के अनेक देशों में शेयर बाजार में गिरावट दर्ज की गई है। संवाददाताओं से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रमुख उद्योगपतियों से किए गए करारनामों पर अमल की दिशा में निरंतर प्रगति हो रही है।

मंत्रालय में की सीएस से मुलाकात

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद श्री अंबानी सीधे राज्य मंत्रालय गए जहां मुख्य सचिव राकेश साहनी के साथ उन्होंने सासन प्रोजेक्ट समेत समूह के अन्य प्रोजेक्ट्स की प्रगति पर चर्चा की। श्री साहनी ने दो दिन पहले ही समूह से जुड़े निवेश प्रस्ताव से संबंधित विभागों के प्रमुख सचिवों की बैठक बुलाकर समीक्षा की थी। लगभग आधा घंटा चली इस बैठक में श्री अंबानी ने भी कुछ मांग और कुछ दिक्कतें भी रखी। समूह चाहता है कि उसे जमीन 99 वर्ष की लीज पर दी जाए। पावर प्रोजेक्ट के कारण उजड़ने वाले लोगो के पुनर्वास के लिए 130 एकड़ जमीन 15 मार्च तक उसे सौंपने की मांग की है। चर्चा के बाद श्री साहनी उन्हें छोड़ने लिफ्ट तक आए पर श्री अंबानी पैदल नीचे उतर गए। मंत्रालय से वे सीधे विमानतल गए और मुंबई के लिए रवाना हो गए।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: