इंदौर. चोरल में सामूहिक नकल का प्रकरण बनाकर लौट रही बोर्ड के आंचलिक अधिकारी आनंद जैन के नेतृत्व वाली टीम ढाबे पर शराब पीने रुकी जहां छात्रों व ग्रामीणों ने घेर लिया। तब घबराकर नकल की रिपोर्ट बदली व क्लीन चीट दे दी। उधर, उसी केंद्र पर तैनात शिक्षक ने श्री जैन द्वारा मारपीट करने की शिकायत पुलिस को की।
चोरल के सरकारी स्कूल में बने केंद्र पर 12वीं की परीक्षा के दौरान मंगलवार सुबह 11 बजे श्री जैन की निरीक्षण टीम पहुंची। तब 152 छात्र परीक्षा दे रहे थे। टीम को देख वे खिड़कियों से नकल सामग्री फेंकने लगे। श्री जैन ने टीम को फेंकी पर्चियों के आधार पर सामूहिक नकल प्रकरण बनाने के निर्देश दिए। फिर टीम गांव के ही एक ढाबे पर शराब पीने लगी। वहीं प्राइवेट परीक्षा दे रहे छात्र भी ग्रामीणों के साथ पहुंच गए।
वे खुद को विधायक अंतरसिंह दरबार समर्थक बता रहे थे। उन्होंने शराबखोरी की बात मीडिया को बताने की चेतावनी दी। सूत्रों के अनुसार इसी दौरान श्री दरबार व जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रहलादसिंह पटेल ने भी फोन कर प्रकरण नहीं बनाने को कहा। दबाव देख उन्होंने जब्त सामग्री लौटाकर केंद्र पर इंतजाम संतोषजनक होने की टीप लिख दी।
मारपीट भी : परीक्षा केंद्र के कक्ष-5 के पर्यवेक्षक राधेश्याम भांवर का आरोप है श्री जैन ने शराब के नशे में उन्हें तमाचे मारे। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को की और अजाक थाना, इंदौर भी पहुंचा लेकिन प्रकरण दर्ज नहीं हो पाया।
बयान बदलते रहे : श्री जैन ने पहले बताया सामूहिक नकल प्रकरण बनाया था। वहां परीक्षा दे रहे छात्रों व ग्रामीणों ने गुंडागर्दी कर दबाव बनाया। इसकी शिकायत पुलिस को कर रहे हैं। बाद में बोले हम पहुंचे तब नकल सामग्री फेंकी जा रही थी इसलिए प्रकरण सिद्ध नहीं कर पाए।
एसडीएम ने लिखा : श्री जैन के पहले महू के एसडीएम राहुल जैन ने भी निरीक्षण किया था। उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं व केंद्राध्यक्ष की शिकायत पर नकल होने की आशंका और इसमें ग्रामीणों द्वारा सहयोग करने की टीप लिखी थी।