इंदौर. दूसरी महिला से संबंध को लेकर पत्नी ने पति को कुल्हाड़ी से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद खुद ही मल्हारगंज थाने पहुंची और कहा मैंने अपने पति को मार डाला है, मुझे गिरफ्तार कर लो।
सुबह 6.30 बजे मल्हारगंज थाने में कलाबाई पहुंची और हवलदार श्री पटेल को कहा मैं गुर्दाखेड़ी, हातोद में रहती हूं। रात को मैंने पति लालसिंह (40) को कुल्हाड़ी से मार डाला। तत्काल पुलिस कलाबाई को लेकर हातोद उसके घर पहुंची तो देखा कमरे में लालसिंह की रक्तरंजित लाश पड़ी थी। कलाबाई ने बताया पति ट्रक ड्राइवर था। परिवार में तीन बच्चे हैं जिनमें से एक बेटी की शादी हो चुकी है। पति के किसी महिला से संबंध थे और फिर उससे शादी कर ली लेकिन मुझे नहीं बताया। सारा रुपया शराब और उक्त महिला पर खर्च कर देता था। कई बार कलाबाई पति के साथ ट्रक में बाहर भी गई ताकि उस महिला के बारे में जान सके।
सोमवार रात भी वह महिला से मिलकर घर आया था जिसे लेकर दोनों में विवाद हो गया। बाद में कलाबाई के भाई ने मध्यस्थता कर मामला शांत किया। जब लालसिंह सो गया तब कलाबाई ने उस पर कुल्हाड़ी से वार कर मौत के घाट उतार दिया। घटनाक्रम बेटे महादेव (12) ने देखा जबकि छोटा बेटा सो रहा था। पुलिस ने कलाबाई को गिरफ्तार कर कुल्हाड़ी जब्त की है।
चार साल पहले हुआ था ऐसा मामला
९ जुलाई 2004 को गोविंदनगर खारचा में रहने वाली रूपा ने अपने पति कमलेश की डंडे और चाकू से प्रहार कर हत्या कर दी थी। रूपा किराएदार से बात करती थी जिसे लेकर उसका पति शक करता था। इस मामले में डेढ़ साल बाद कोर्ट ने रूपा को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।