HomeNewsMetrosIndore Indore

कोलकाता से खींच लाया इंटरनेट पर हुआ प्यार

इंदौर. निजी कॉलेज से बीसीए कर रहे युवक ने इंटरनेट के जरिये कोलकाता की नाबालिग लड़की को प्रेमजाल में फंसाया और शादी के लिए इंदौर बुला लिया। ऐसा हो पाता उससे पहले ही कोलकाता पुलिस पहुंची और वी केयर फॉर यू व क्राइम ब्रांच की मदद से दोनों को हिरासत में ले लिया।

34-बी, अन्नपूर्णानगर निवासी विनोद राजाराम मुंडेल (21) की ऑरकुट पर चेटिंग करते हुए चारू मार्केट, कोलकाता की 17 वर्षीय वंशिता (परिवर्तित नाम) से गहरी दोस्ती हो गई। दोनों ने जीवनसाथी बनने का मन भी बना लिया। विनोद जानता था वंशिता नाबालिग है और दोनों परिवारों का रहन-सहन भी एकदम अलग-अलग। ऐसे में वंशिता के परिजन रिश्ता नहीं होने देंगे। तब उसने उस पर इंदौर आने का दबाव बनाया। वह भी विनोद की बातों में ऐसी उलझी कि 25 फरवरी को इंदौर भाग आई।

मुझे ढूंढ़ा तो सुसाइड कर लूंगी

वंशिता भी जानती थी परिजन उसे तलाशने इंदौर तक आ सकते हैं इसलिए बड़ी बहन के नाम चिट्ठी छोड़ आई थी ‘मैं मर्जी से जा रही हूं। मुझे ढूंढ़ने की कोशिश की तो सुसाइड कर लूंगी।’

पुलिस ने ढूंढ़ लिया तो बहाने बनाने लगा

उधर, वंशिता के गायब होने पर परिजन ने चारू पुलिस थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। वंशिता की कॉल डिटेल से पता चला वह इंदौर में है। इस पर कोलकाता से सब इंस्पेक्टर एसके बैनर्जी, एस रॉय तथा महिला कांस्टेबल एफ डे इंदौर आए और एसपी अंशुमान यादव से मदद मांगी। उन्होंने मामला क्राइम ब्रांच को सौंप दिया। डीएसपी राजेश व्यास ने आरक्षक रमेश और वी केयर फॉर यू के देवेंद्र पंवार व साथियों को यह काम सौंपा। उन्होंने विनोद का पता ढूंढ़ा और पहुंच गए। पुलिस को देख घबराया विनोद पूरे मामले से पल्ला झाड़ने लगा। सख्ती बरती तब भी कुछ नहीं कबूला। आखिरकार कॉल डिटेल से वंशिता का पता मिल गया।

कॉलेज लेक्चरर के साथ होस्टल में रही

विनोद के पिता कृषि विभाग उज्जैन में अधिकारी हैं। विनोद दो वर्ष से पढ़ाई के लिए इंदौर में है। बीसीए के लिए उसने पहले आईआईएसटी में एडमिशन लिया फिर संघवी इंस्टिट्यूट ज्वाइन कर लिया। यहां चार दोस्तों के साथ किराए के कमरे में रहता है। उसे डर था वंशिता को अपने रूम पर ले गया तो पुलिस को खबर लग जाएगी। तब मौसी के लड़के पवन चौधरी से मदद मांगी। पवन ने एक निजी कॉलेज की लेक्चरर के साथ भंवरकुआं क्षेत्र में प्रियदर्शनी गल्र्स होस्टल में वंशिता को ठहरा दिया।

उसे कुछ नहीं होना चाहिए

पुलिस विनोद को पकड़ लाई तो वंशिता कहने लगी गलती उसकी नहीं। मैं मर्जी से आई हूं। पुलिस ने विनोद से सख्ती बरती तो वह कहने लगी उसे कुछ नहीं होना चाहिए। वंशिता के इस रवैये से कोलकाता पुलिस के साथ इंदौर आई मां-बहन भी डर गईं। उन्होंने पुलिस से गुजारिश की वे विनोद का डांट लगाकर छोड़ दें। ऐसा न हो विनोद पर कार्रवाई हो और वंशिता कोई गलत कदम उठा ले।

मामला कोलकाता पुलिस के पास

मामला कोलकाता का होने से इंदौर पुलिस ने विनोद व वंशिता को वहां की पुलिस के सुपुर्द कर कोलकाता के डिप्टी कमिश्नर को जानकारी दे दी है। आगे की कार्रवाई वहीं से तय होगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: