जयपुर. प्रदेश कांग्रेस के नेता मंगलवार को राज्य सरकार पर जमकर बरसे। अमरूदों के बाग में हुई रैली में उमड़े हजारों लोगों के बीच भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान करते हुए इन नेताओं ने जहां भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर आरोपों की झड़ी लगा दी, वहीं केंद्र सरकार की ओर से किसानों के 60 हजार करोड़ रुपए की कर्ज माफी की घोषणा को ऐतिहासिक करार दिया। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर आरोप लगाए, लेकिन सभी वक्ताओं के मुख्य निशाने पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे रहीं।
गहलोत ने पूछा, ललित मोदी से क्या रिश्ता है?
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर सीधे निशाने साधते हुए कहा कि वसुंधरा राजे बताएं कि ललित मोदी से उनके क्या रिश्ते हैं? आमेर की हवेलियां उनकी पत्नी के नाम क्यों की गई हैं? वे जयपुर में राज्य के आईएएस और आईपीएस अफसरों को क्यों निर्देश देते हैं? उन्होंने कहा कि इस सरकार के मंत्रियों पर चरित्रहीनता के आरोप हैं।
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हैं, उन्हें हटाएंगे तो भ्रष्टाचार अपने आप हट जाएगा। 60 साल के इतिहास में राजस्थान में आज तक किसी मुख्यमंत्री ने जातियों में ऐसी फूट नहीं डलवाई, जैसी फूट वसुंधरा राजे ने डलवाई है। पता नहीं, वे राजस्थान से कौन-सी दुश्मनी निकाल रही हैं। गहलोत ने कहा कि यह हम ही नहीं, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश मेघवाल राजनाथसिंह के सामने तक कह चुके हैं कि वसुंधरा पांच हजार करोड़ रुपए खा गई है। सरकार के मंत्री घनश्याम तिवाड़ी, उद्योग मंत्री नरपतसिंह राजवी और सरकारी मुख्य सचेतक महावीरप्रसाद जैन तक उन्हें भ्रष्ट बता चुके हैं।
उनके हाथ खून से रंगे हैं : वासनिक
पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुकुल वासनिक ने कहा कि वसुंधरा के शासन में राज्य में हुए गोलीकांडों में 45 किसानों की मौतें हुई हैं। उनके हाथ खून से रंगे हैं। वसुंधरा का मिजाज आज भी सामंती है। वे नए-नए हवाई जहाज और हेलीकॉप्टर खरीदकर जनता का धन फिजूलखर्ची में उड़ा रही हैं।
मंत्री हैं कमीशनखोर: जोशी
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि सरकार के मंत्री कमीशनखोरों की तरह काम कर रहे हैं। किसानों की जमीनों से आमेर के किले तक दलाल बेचने-खरीदने में लगे हैं। यह सरकार आए दिन दलालों को फायदा पहुंचाने के लिए कानूनों में बदलाव कर रही है। उन्होंने कांग्रेस में भितरघात करने वालों को चेताया कि अगर किसी को तिरंगे और हाथ में भरोसा नहीं तो वह आज ही संगठन छोड़कर चला जाए।
केंद्र ने दिए 34 हजार करोड़ : मीणा
केंद्रीय वन राज्यमंत्री नमोनारायण मीणा ने कहा कि राज्य को पिछले चार साल में केंद्र ने 34 हजार 266 करोड़ रुपए दिए हैं, लेकिन गहलोत के मुख्यमंत्री काल में एनडीए सरकार ने राज्य को सिर्फ 19 हजार 176 करोड़ रुपए ही दिए थे। आज प्रदेश में जो भी विकास हो रहा है, वह केंद्र की मदद से हो रहा है।
सांसदों ने भी साधा निशाना
सांसद सचिन पायलट ने कहा कि आज के प्रदर्शन के बाद प्रदेश में आतंक और दमन का चक्र चलाने और जाति से जाति को लड़ाने वाली भाजपा सरकार की उलटी गिनती शुरू हो गई है। उनका कहना था कि सोनिया गांधी की दखल से किसानों की कर्जमाफी के एलान से देश और प्रदेश के किसानों में नया रक्त संचार हुआ है। सांसद डॉ. कर्णसिंह यादव ने कहा कि इस सरकार को फाइव स्टार होटलों में बैठकर दलाल चला रहे हैं। वे सरकार के अफसरों को वहीं से हिदायतें देते हैं। सांसद प्रभा ठाकुर ने कहा कि राजस्थान में खुशहाली केंद्र की योजनाओं से आई है।
किसानों का कलेजा जल गया : चौधरी
नेता प्रतिपक्ष हेमाराम चौधरी ने सरकार पर संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि पाला मारने से प्रदेश में फसलें नहीं, किसानों के कलेजे जल गए, लेकिन वसुंधरा सरकार ने मरहम तक नहीं लगाई, जबकि केंद्र ने कर्जे माफ करके ऐतिहासिक फैसला किया।
ऐसा भ्रष्ट शासन नहीं देखा : मिर्धा
एआईसीसी सचिव हरेंद्र मिर्धा ने कहा कि उन्होंने आज तक ऐसा भ्रष्ट शासन नहीं देखा। पाले से प्रभावित किसानों को 126 करोड़ रुपए देकर उनके जख्मों पर नमक छिड़का जा रहा है।
समरसता को तोड़ा : बंसल
पार्टी के प्रभारी सचिव विवेक बंसल ने कहा कि वसुंधरा राजे ने जातियों को आपस में लड़वाकर प्रदेश की समरसता को तोड़ा है और प्रदेश में भ्रष्टाचार की सभी सीमाएं तोड़ दी हैं।
ये भी बोले
पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया ने कहा कि भाजपा के नेता एक-दूसरे पर भ्रष्टाचार के आरोप मंढ़ कर असलियत बता रहे हैं। शिवचरण माथुर ने दावा किया कि आठ दिसंबर की सरकार की रैली से दो गुने लोग कांग्रेस की रैली में आए हैं। प्रतिपक्ष के पूर्व नेता रामनारायण चौधरी ने कहा कि यह बेईमानों की सरकार है, इसे बदलने के लिए कार्यकर्ता जुट जाएं।
कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष परसराम मोर्दिया ने कहा कि दलितों और अल्पसंख्यकों के लिए कांग्रेस ही बेहतर काम करती रही है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गिरिजा व्यास ने प्रदेश में महिला अत्याचार और दहेज उत्पीड़न बढ़ने के लिए भाजपा सरकार को दोषी ठहराया। पूर्व उप मुख्यमंत्री कमला ने कहा कि लोकतंत्र में भाजपा सरकार के लिए कोई जगह नहीं है।
कांग्रेस नेता बनवारीलाल बैरवा ने पैकेज में भेदभाव का आरोप लगाया। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष बीडी कल्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री की शराब नीति ने प्रदेश के सामाजिक ताने-बाने को भारी नुकसान पहुंचाया है। नारायणसिंह ने कहा, केंद्र ने किसानों के लिए असाधारण पैकेज दिया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री शमशेरसिंह सुरजेवाला, कांग्रेस प्रवक्ता मोहनप्रकाश, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ममता शर्मा, युवक कांग्रेस अध्यक्ष नीरज डांगी, एनएसयूआई अध्यक्ष धीरज गुर्जर, सेवा दल के मुख्य संगठक सुरेश चौधरी, प्रतापसिंह खाचरियावास ने भी भाजपा सरकार पर निशाने साधे।