News
Chhattisgarh
Raipur Raipur नवापारा-राजिम/रायपुर. राजिम कुंभ में सोमवार की रात उत्तरप्रदेश के पूर्व सांसद स्वामी रामविलास वेदांती ने प्रवचन के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, उनके पुत्र राहुल गांधी और प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह पर अपशब्दों की बारिश की और भीड़ में बैठे कांग्रेसियों ने हंगामा खड़ा कर दिया। मंच पर धावा बोलने वाली भीड़ को किसी तरह रोका गया। इस दौरान पुलिस से झूमाझटकी भी हुई। विरोध में मंगलवार को नयापारा-राजिम आंशिक रूप से बंद रहा।
राजिम कुंभ के मुख्य मंच पर रात 8 .30 बजे स्वामी वेदांती महाराज का प्रवचन था। उन्होंने प्रवचन के बीच केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की और फिर प्रधानमंत्री व राहुल गांधी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया।
इससे दर्शक दीर्घा में मौजूद कांग्रेसी भड़क गए। गुस्साए कांग्रेस नेता भागचंद मंगानी और होमनलाल साहू समेत अनेक लोग सीधे मंच पर पहुंच गए और श्री वेदांती से माइक छीनकर ‘भाड़े के ढोंगी साधु वापस जा’ के नारे लगाने लगे। सुरक्षा के लिए तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इससे कांग्रेसी और उत्तेजित हो गए। उनके और पुलिस के झूमाझटकी होने लगी। साधु-संतों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
बवाल की सूचना मिलते ही मौके पर तत्काल पुलिस बल भेजा गया। उन्होंने श्री वेदांती को सुरक्षा घेरे में लेकर मंच से अलग किया और उन्हें तुरंत राजधानी रायपुर रवाना किया। इधर, मौके पर विधायक धनेंद्र साहू, जनपद अध्यक्ष राघोबा महाड़िक, पालिकाध्यक्ष विजय गोयल, उपाध्यक्ष मो.शफीक, विमल डागा समेत सैकड़ों कांग्रेसी इकट्ठे हो गए। उन्होंने नवापारा थाने में लिखित शिकायत कर श्री वेदांती के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। त्रिवेणी संगम में रातभर माहौल गरम रहा। बवाल के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। कांग्रेसियों के आह्वान पर मंगलवार को राजिम और नवापारा नगर आंशिक रूप से बंद रहा।