News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. केंद्र के बजट में किसानों की कर्जमाफी के ऐलान से उत्साहित प्रदेश कांग्रेस ने मंगलवार को राजधानी में आस्था रैली निकाली और प्रधानमंत्री, कांग्रेसाध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। रैली में पीसीसी अध्यक्ष चरणदास महंत, महेन्द्र कर्मा और विद्याचरण शुक्ल समेत दर्जनों नेता सड़कों पर साथ घूमे। जोगी खेमा भी इसमें शामिल था।
यूपीए सरकार ने केंद्रीय बजट में किसानों के 60 हजार करोड़ का कर्ज माफ किया है। रमन सरकार के तीन रुपए किलो चावल से हड़बड़ाई कांग्रेस इसे उसका काट मान रही है और माहौल बनाने में जुटी है। इसी परिप्रेक्ष्य में राजधानी की फिजा को गरमाया गया। राज्यभर में आस्था रैली निकालने की तैयारी है। शुरुआत रायपुर से हुई।
प्रदेश भर से कांग्रेस के लोग यहां आए। रैली में बाजे गाजे, डीजे की धुन और आदिवासी नृत्य पर लोग नाचते भी रहे। गांधी चौक से शुरु होकर रैली सदर बाजार, आजाद चौक, जयस्तंभ चौक, कोतवाली चौक होते हुए वापस गांधी चौक पहुंची। रास्ते में कांग्रेस नेताओं का जगह - जगह स्वागत भी हुआ। रैली ने करीब दो घंटे शहर का भ्रमण किया।
जीप में महंत और बैलगाड़ी पर भूपेश
रैली में आगे - आगे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चरणदास महंत खुली जीप पर सवार थे। वे रास्ते भर हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन कर रहे थे। पीछे बैलगाड़ी की कतार थी। कांग्रेस विधायक दल के उपनेता भूपेश बघेल खुद बैलगाड़ी चला रहे थे। महेन्द्र कर्मा, विद्याचरण शुक्ल समेत करीब दो दर्जन विधायकों ने रैली में पैदल ही सफर किया। सेवादल के कार्यकर्ता कतार में चल रहे थे।
पेट में भात, छाती में लात
रैली से पहले गांधी चौक पर भीड़ को नेताओं ने संबोधित किया जिसमें रमन सिंह सरकार की तीन रुपए किलो चावल योजना की छाया भी रही। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री महंत ने कहा कि भाजपा सरकार पेट भरने भात तो दे रही है पर छाती में लात भी रखे हुए है। उन्होंने लोगों से गरीबों की सरकार बनाने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और वित्त मंत्री पी. चिदंबरम को धन्यवाद देने रैली निकाली गई है। छत्तीसगढ़ में किसान कर्ज लेकर ही पैदा होता है और कर्ज से ही मर जाता है।
केंद्र की यूपीए सरकार ने किसानों का कर्ज माफ कर दिया है। भाजपा सरकार ने लोगों को धोखा दिया, बेवकूफ बनाया। वे अजीत जोगी की तारीफ करने से भी नहीं चूके और कहा कि जोगी सरकार ने सिंचाई व पानी की सुविधाएं बढ़ाने काफी कुछ किया था। कांग्रेस गरीबों की पार्टी है और प्रदेश में किसानों और गरीबों की सरकार बनाना है। नेता प्रतिपक्ष महेन्द्र कर्मा ने कहा कि केंद्रीय बजट में किसानों, नौजवानों और शिक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
सोनिया गांधी का संदेश घर - घर, गांव - गांव तक पहुंचाएं। प्रदेश में भाजपा ने वादाखिलाफी की है। एक भी बेरोजगार को भत्ता नहीं दिया। किसी किसान का कर्ज माफ नहीं किया। शिक्षा कर्मी भर्ती का नियम बदलकर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा छत्तीसगढ़ को लूट रही है। पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल ने कहा कि केंद्रीय बजट में ऐतिहासिक और क्रांतिकारी फैसले लिए गए हैं। कुछ लोग बजट की खुबियां छुपाने की कोशिश कर रहे हैं।
हर सभी को केंद्र सरकार की उपलब्धियों का प्रचार करना चाहिए। संत पवन दीवान ने कहा कि कांग्रेस ने आजादी की दिलाई और देश में सभी वर्ग को एकजुट रखा है। विधायक महंत रामसुदर दास ने एकजुट होकर चुनाव की तैयारी करने का आव्हान किया। विधायक डा. रेणु जोगी, डा. शिव डहरिया, मोहम्मद अकबर ने केंद्र सरकार को गरीबों की हितैषी बताते हुए रमन सरकार के कामकाज की आलोचना की। उन्होंने सरकार की कई योजनाओं को छलावा बताया।
राज्यभर से आए
रैली में शामिल होने राज्यभर से लोग वाहनों में भरकर आए। संगठन के कार्यक्रम में अरसे बाद जोगी खेमे के विधायक भी शामिल हुए। विधायक रामचंद्र सिंहदेव, गुलाब सिंह, अमरजीत भगत, नंदकुमार पटेल, शक्राजीत नायक, धनेंद्र साहू, रामदयाल उइके, धर्मजीत सिंह, सत्यनारयण शर्मा समेत 26 विधायक रैली में थे। युकां अध्यक्ष योगेश तिवारी और साथियों ने आजाद चौक पर रैली का स्वागत किया और वही से शामिल हुए। इस अवसर पर पूर्व विधायक अमितेश शुक्ल, सुभाष शर्मा, रमेश वल्र्यानी, अब्दुल हमीद हयात, इंदरचंद धाड़ीवाल, सुभाष धुप्पड़, आनंद कुकुरेजा, प्रमोद दुबे, नागभूषण राव समेत पीसीसी, जिला कांग्रेस के पदाधिकारी मौजूद थे। धरसींवा से योगेंद्र शर्मा, योगेश शर्मा, संजय पाठक, एजाज ढेबर, घनश्याम राजू तिवारी समेत युवाओं की भीड़ रही।